जनपद में आज फिर से चार ब्लॉक में ही चलेंगे कलस्टर
बिजनौर। जनपद में छह जुलाई को फिर से चार ब्लॉक में ही कलस्टर सत्र संचालित कर कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इनमें नजीबाबाद, धामपुर, हल्दौर तथा नूरपुर शामिल हैं। सुबह नौ से शाम पांच बजे तक टीकाकरण सत्र संचालित किये जाएंगे। इसके लिए मुख्यालय से 26 हजार 400 वैक्सीन मिली हैं। इससे पूर्व वैक्सीन की किल्लत के चलते करीब एक सप्ताह तक कलस्टर सत्र बंद कर दिये गए थे।
कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से बचने के लिए लोग स्वयं को सुरक्षा का टीका लगवाने के प्रति काफी जागरूक दिख रहे हैं। परिणाम स्वरूप रोजाना लोग टीकाकरण सत्रों में भारी संख्या में उमड़ रहे हैं। अफसरों के अनुसार पिछले लगभग एक सप्ताह से वैक्सीन की किल्लत के चलते कलस्टर सत्र बंद करने पड़े थे। इस दौरान केवल चुनिंदा सत्रों में ही कोरोनारोधी टीकाकरण किया जा रहा था। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. अशोक कुमार के अनुसार मंगलवार को कलस्टर सत्र लगाने के लिए मुख्यालय से कुल 26 हजार 400 वैक्सीन ही मिली हैं, जबकि डिमांड हर बार लगभग 35 हजार वैक्सीन की ही भेजी जाती है।
उन्होंने बताया कि शासन ने मंगलवार से पूर्व की भांति केवल चार ब्लॉक नजीबाबाद, धामपुर, हल्दौर तथा नूरपुर के शहरी और ग्रामीण इलाकों में ही कलस्टर सत्र संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार तक जिले में कुल पांच लाख 68 हजार 648 लोगों का कोरोनारोधी टीकाकरण हो चुका है। इनमें से लगभग चार लाख 83 हजार 507 को पहली और करीब 85 हजार 141 को दूसरी डोज लगाई गई है। जिले में एंटी कोविड वैक्सीनेशन अभियान लगातार जारी है। अपनी बारी आने पर सभी जनपदवासियों से अपना टीकाकरण कराने की अपील की गई है।