हल्दौर (बिजनौर)। गुलदार ने तीन बाइक सवारों पर हमला करते हुए एक युवती सहित तीन लोगों को घायल कर दिया है। लोगों में गुलदार को लेकर दहशत बनी हुई है। उन्होंने वनाधिकारियों से पिंजरा लगवाने की मांग की है।
गांव गोवर्धनपुर नंगली निवासी मोंटी डोडबाल अपने भतीजे सैलाब डोडबाल के साथ बाइक से घरेलू सामान लेने हल्दौर गए थे। शुक्रवार की देर शाम घर लौटते हुए गांव कुम्हारपुरा के निकट गुलदार ने हमला कर मोंटी को घायल कर दिया। गुलदार के हमले से ग्रामीण भयभीत हैं। वन विभाग से पिंजरा लगवाकर गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। वन रेंजर महेश गौतम ने बताया कि देर रात ही टीम को भेज दिया गया था। उन्होंने एक ओर पिंजरा लगवाने की बात कही है।
वही, गांव लाड़नपुर के पास बाइक के पीछे बैठी युवती पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। इसी गांव के अन्य दूसरे बाइक सवार पर भी हमला कर घायल कर दिया है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है।
गांव लाड़नपुर निवासी नीटू सिंह हल्दौर में एक दुकान पर काम करता है। ग्रामीणों के अनुसार नीटू शनिवार की शाम करीब साढ़े आठ बजे बाइक से अपने गांव लौट रहा था। गांव बागा नांगल के निकट स्थित जंगल में एक गुलदार ने उसकी चलती बाइक पर हमला कर नीटू को गंभीर रूप से घायल कर दिया। दूसरी घटना इसी गांव निवासी शिक्षक त्रिलोकचंद शर्मा अपनी बेटी अक्सीरा के साथ बाइक से हल्दौर से होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। गांव के निकट रास्ते में गुलदार के हमले से बाइक के पीछे बैठी अक्सीरा घायल हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।