नजीबाबाद-प्रधान पति हिमांशु राजपूत की गिरफ्तारी के विरोध में धरना देते किसान।
नजीबाबाद/ बिजनौर। जिले के प्रभारी मंत्री को लेकर टिप्पणी करने के मामले में ग्राम प्रधान के पति के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया। शांति भंग की धाराओं में एसडीएम कोर्ट ने प्रधान पति हिमांशु राजपूत को जेल भेज दिया। उधर गिरफ्तारी के विरोध में ग्राम प्रधानों ने एसडीएम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
शनिवार की देर शाम नाटकीय घटनाक्रम में नजीबाबाद तहसील प्रशासन और पुलिस ने जालबपुर गूदढ़ के ग्राम प्रधान पति हिमांशु राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हिमांशु राजपूत के खिलाफ भाजपा नेताओं ने जिले के प्रभारी मंत्री के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी सोशल मीडिया और प्रधान संघ के लेखपाल -प्रधान पति मारपीट प्रकरण के प्रदर्शन में करने का आरोप लगाया। ग्राम पंचायत में श्मशान घाट निर्माण को लेकर चल रहे विवाद में भी हिमांशु राजपूत पर प्रभारी मंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लग चुका है। बता दे की हिमांशु राजपूत गंगा एक्सप्रेसवे के मामले में भी सक्रिय रहे थे। गंगा एक्सप्रेसवे के मामले में प्रभारी मंत्री का जिले में तमाम विरोध किया गया था हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि वह नहीं गंगा एक्सप्रेसवे के मामले में या फिर लेखपाल संघ के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
एसडीएम विजय शंकर ने प्रदर्शन के दौरान आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने के मामले में कार्रवाई की पुष्टि की। हिमांशु राजपूत को एसडीएम न्यायालय ने तत्काल प्रभाव से जेल भेज दिया।
हिमांशु राजपूत को जेल भेजने की खबर मिलते ही प्रधान संघ के अध्यक्ष प्रशांत चौधरी ,राहुल हुड्डा,सतविंदर सिंह पोप, मनोज कुमार, नौबहार सिंह ,राजवीर सिंह,खुर्शीद अहमद सहित बड़ी संख्या में प्रधान तहसील पहुंचे और अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।