बिजनौर। जिले में डेंगू के तीन नए रोगियों की पुष्टि हुई है। इस साल अब तक डेंगू के मरीजों की संख्या 13 हो गई है। यह मौसम भी मच्छरों के लिए मुफीद चल रहा है। लोग बुखार की चपेट आ रहे हैं।
बिजनौर के गांव गंज निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला, 20 वर्षीय युवक, गुहावर निवासी 29 वर्षीय युवक डेंगू पॉजिटिव निकला। कार्ड से जांच होने के बाद इन मरीजों की एलाइजा जांच कराई गई है। इसके बाद इन्हें डेंगू पॉजिटिव माना गया। इनके परिवार में दूसरा कोई मरीज बुखार से ग्रसित नहीं मिला। सभी मरीजों की तबीयत ठीक है। साथ ही अस्पताल में अभी भी वायरल बुखार के रोजाना 20 मरीज तक पहुंच रहे हैं। चिकित्सक मरीजों को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने की सलाह दे रहे हैं।
चिकनगुनिया के लक्षण वाले मरीज भी अस्पताल पहुंच रहे-
मेडिकल अस्पताल के फीजिशियन डॉ. आरएस वर्मा का कहना है कि चिकनगुनिया भी मच्छरों के काटने से फैलता है। अस्पताल में रोजाना इसके लक्षणों जैसे पांच मरीज तक पहुंच रहे हैं। चिकनगुनिया में मरीजों के हाथ-पैरों में दर्द, झुनझुनी, कमजोरी, जोड़ों में दर्द, चलने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर जिले में चिकनगुनिया के एक भी रोगी की पुष्टि नहीं हुई है।
मलेरिया के नौ मरीज मिल चुके हैं-
जिले में इस साल मलेरिया के नौ मरीज मिल चुके हैं। मलेरिया में मरीज को ठंड लगकर बुखार आता है। सिर और मांसपेशियों में दर्द होना, थकान, सीने में दर्द होना, दस्त, उल्टी, सांस लेने में समस्या होने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। मलेरिया ग्रसित मरीज का स्वास्थ्य ठीक है।
डेंगू के लक्षण-
-सिर दर्द होना
-आंखों के पीछे दर्द होना
-जी मिचलाना, उल्टी होना
-त्वचा पर लाल चकत्ते होना
-मांसपेशियों, हड्डियों और जोड़ों में दर्द
-ग्रंथियों में सूजन
डेंगू से ऐसे करें बचाव
-मच्छरदानी का उपयोग करें
-घर में या आसपास पानी एकत्र नहीं होने दें
-कूलर का पानी रोजाना बदलें
-पूरे आस्तीन के कपड़े पहनें
-पानी की टंकी को ढक कर रखें
वर्जन::
डेंगू पॉजिटिव मिले मरीजों के घरों के आसपास एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग करा दी गई है। परिवार में कोई बुखार का रोगी नहीं मिला। मच्छर पनपने के लिए मौसम मुफीद है। इसलिए स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
....मंजूषा गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी, बिजनौर