बिजनौर के दारानगर गंज के सामने गंगा स्नान मेले में लगे तंबू। संवाद
बिजनौर। विदुर कुटी के पास मोक्षदायिनी के तट पर लगने वाला गंगा स्नान मेला इस बार छह जोन में बांटा गया है। मेला आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उधर सुरक्षा इंतजामों के क्रम में खाका तैयार किया गया है। ड्रोन भी मेला स्थल की निगरानी की जाएगी।
शुक्रवार को एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, सीओ सिटी संग्राम सिंह और जिला पंचायत के अधिकारियों ने मेला स्थल का निरीक्षण किया। इन्होंने गंगा के बहाव का मुआयना करते हुए स्नान घाट बनाने के उपयुक्त जगह को भी परखा। बता दें कि विदुर कुटी मंदिर से लगभग दो किलोमीटर दूर गंगा के तट पर जिला पंचायत ने मेला आयोजन को तंबू लगाने शुरू कर दिए हैं। मेला क्षेत्र को छह जॉन में बांटा गया है। शरारती तत्वों से निपटने के लिए प्रशासन ने आसमान से लेकर धरती तक मेले के चारों ओर ड्रोन कैमरे से श्रद्धालुओं की सुरक्षा करेगी। जिला पंचायत के जेई सुशील कुमार ने बताया कि मेले में स्नान करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इस बात को ध्यान में रखकर सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
रात में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न मार्गों पर प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। महिलाओं के लिए अलग से स्नान घाट बनाए जा रहे हैं। दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों के लिए जगह चिह्नित करनी शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मनोरंजन के सभी साधन एक ही स्थान पर लगाएं जाएंगे। वहीं इस बार एसपी अभिषेक झा के निर्देश पर मेले के मुख्य द्वार पर एक (मे आई हेल्प यू) के नाम से पुलिस दल का एक दस्ता तैनात रहेगा। जोकि श्रद्धालुओं को घाट और बाजार के विषय में जानकारी देकर मदद करेगा।
जगह जगह बनाए जा रहे सेल्फी प्वाइंट महात्मा विदुर की नगरी में लगे वाला गंगा स्नान मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। जोकि तंबू लगाकर तीन से चार दिन तक ठहरते हैं। मेले में श्रद्धालुओं के लिए हैंडपंप, शौचालय, प्रकाश आदि की व्यवस्था रहेगी। स्नान घाट पर सुरक्षा की दृष्टि से मचान एवं गोताखोर के साथ-साथ गहरे जल में बैरिकेडिंग की जा रही है।