जिले में हजारों लोग हुए प्रतिरक्षित
बिजनौर। जिले में मंगलवार को हजारों लाभार्थियों ने स्वयं को सुरक्षा का टीका लगवाकर प्रतिरक्षित कराया। मंगलवार के लिए शासन ने 50 हजार लोगों को एंटी कोविड वैक्सीन लगाकर प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य दिया था। अफसरों की मानें तो विश्व के सबसे बड़े इस टीकाकरण अभियान का जनपद के लिए अभी तक एक दिन में यह सबसे बड़ा लक्ष्य है। जनपद में सोमवार की रात तक कुल आठ लाख 55 हजार 818 लोगों का कोरोनारोधी टीकाकरण किया जा चुका है।
शासन के निर्देश पर मंगलवार को टीकाकरण महाअभियान चलाया गया। इस दौरान जिला अस्पताल सहित जनपद में कुल 215 बूथों पर 50 हजार लोगों के टीकाकरण की व्यवस्था की गई। करीब करीब सभी केंद्रों पर स्वयं को टीका लगवाने वालों की काफी भीड़ रही। कोरोना महामारी की तीसरी लहर के प्रहार को कम करने के लिए शासन ने शायद यह फैसला किया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. अशोक कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले भर में कुल 215 बूथों पर 50 हजार लोगों को टीके लगाने की व्यवस्था की गई थी। इसके लिए सोमवार को ही मुख्यालय ने 55 हजार डोज उपलब्ध कराई थीं। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।