चोरों ने महिला को हमलाकर घायल किया
हल्दौर। गांव पावटी में नकाबपोश चोर एक परचून के दुकानदार के घर की दीवार फांदकर अंदर घुस गए और चोरी करने का प्रयास किया। परिजनों के जागने पर फरार होते समय दुकानदार की मां के सिर में चिड़ीमार तमंचे की बट व तलवार से वार कर उसे घायल कर फरार हो गए। एसपी सिटी और सीओ सिटी ने मौके पर थाना पुलिस को मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।
गांव पावटी निवासी अमजद अहमद अपने गांव मे परचून की दुकान करता है। परिजनों के अनुसार बुधवार की रात्रि करीब तीन बजे अमजद अपने परिवार के साथ अपने घर की दूसरी मंजिल पर सोया हुआ था। जबकि अमजद की मां कलशूम और पिता काले मकान के निचले हिस्से में सोई हुए थे। इसी दौरान नकाबपोश चोर लूटपाट के इरादे से अमजद के घर में घुस आए। घर के बाहर कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर परिजन जाग गए। कलशूम ने चोरों का विरोध किया तो उन्होंने उसके सिर पर चिड़ीमार तमंचे व तलवार से वार कर उसे घायल दिया। परिजनों के शोर मचाने पर चोर तमंचा और तलवार छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से तमंचा, तलवार और तीन नकाब कब्जे में लिए। वृद्धा को उपचार के लिए एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। एसपी सिटी प्रवीण रंजन सिंह और सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता मौके पर पहुंचे और पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।