गांव में विद्युत तार टूटने से मचा हड़कंप
हल्दौर। गांव छजुपुरा सादात में बीती रात हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर गिर गया। रात में आवागमन न होने से एक बड़ा हादसा होते होते बचा।
शुक्रवार की देर रात छजुपुरा सादात में अचानक चलती हाई टेंशन लाइन का तार टूट कर मुख्य मार्ग पर गिर गया। कई ग्रामीण विद्युत करंट की चपेट में आने से बाल बाल बच गए। तार टूटने की सूचना फोन द्वारा हल्दौर विद्युत उपखंड को दी गई पर कोई भी विद्युत विभाग का अधिकारी या कर्मचारी गांव नहीं पहुंचा। बल्कि गांव के बाहर से ही लाइन को काट दिया। आरोप है कि ग्रामीण जब तार हटवाने के लिए बिजलीघर पहुंचे तो वहां ड्यूटी पर तैनात फीडर ऑपरेटर ने ग्रामीणों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव छजुपुरा सादात में हाईटेंशन लाइन द्वारा विद्युत आपूर्ति की जा रही है। लाइन डाले हुए लगभग 20 से 25 वर्ष बीत चुके हैं जिस से लाइन के तार अत्यधिक जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं। इस कारण आए दिन गांव में कोई न कोई हादसा होता रहता है अनेक बार विद्युत निगम के अधिकारियों से लाइन बदलवाने के लिए अनुरोध किया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।