मंडावर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत टीप के दो गांव रामसहयवाल व हिम्मतपुर बेला के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीमा पर उत्तराखंड की तहसील (जिला हरिद्वार) लक्सर के गांव मोहनवाला व बादशाहपुर के ग्रामीणों ने उत्तराखंड के अफसरों से मिली भगत कर यूपी की करीब 1000 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया है। ग्राम प्रधान चंद्रपाल सिंह, पूर्व प्रधान श्यामलाल, रकम सिंह जितेंद्र की सूचना पर पहुंची कानूनगो इंद्रपाल सिंह व लेखपाल नीरज चौहान टीम लेकर मौके पर पहुंचे और कब्जे का विरोध किया।
उन्होंने चकबंदी विभाग के नक्शे व बंदोबस्त संबंधित अभिलेख उत्तराखंड के अधिकारियों को दिखाए तो उन्होंने इन अभिलेकों को नकार दिया। टीम ने मंडावर पुलिस को सूचना दी तो बालावाली चौकी इंचार्ज पुलिस पीएसी के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस और पीएसी के पहुंचने के बाद दोनों तरफ के अफसरों में वार्ता दोबारा शुरू हुई, लेकिन उत्तराखंड के अफसर यूपी के अफसरों की बात नहीं सुन रहे थे। वह इन कागजों को नहीं मान रहे थे। देर शाम तक दोनों ओर से वार्ता चलती रही, लेकिन किसी नतीजे पर नहीं पहुंची।
यह भी पढ़ें: खौफनाक मंजर: भरभराकर गिरा दो मंजिला मकान, इलाके में मची चीख-पुकार, देखिए हादसे की तस्वीरें
सीमा विवाद का मामला, नक्शों का होगा मिलान: एसडीएम
एसडीएम सदर/ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि मंडावर गंगा खादर में सीमा विवाद का मामला है। पांच दिन पहले राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी। यह टीम सोमवार को सर्वे करने पहुंची थी। उत्तराखंड की लक्सर तहसील टीम से भी वहां के नक्शे मांगे गए हैं। नक्शों का मिलान होगा, सभी कागज की स्टडी की जा रही है। उसके बाद यदि हमारी जमीन पर कब्जा साबित होता है तो उसे हटवाया जाएगा।