चांदपुर में जलीलपुर क्षेत्र के खादर में बाढ़ में लपता युवक का शव मिलने के बाद जमा भीड़ व पुलिस।
- फोटो : BIJNOR
माता-पिता को बचाने निकला युवक गंगा में डूबा
चांदपुर/जलीलपुर (बिजनौर)। जलीलपुर खादर क्षेत्र में अपने खेत में फसल की देखरेख कर रहे माता-पिता को गंगा की धार से बचाने निकला युवक खुद गंगा में समा गया। तीन दिन पहले वह घर से निकला था और लापता हो गया था। मंगलवार को उसका शव बाढ़ क्षेत्र में पेड़ में फंसा मिला। पुलिस ने शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जलीलपुर क्षेत्र के गांव रायपुर खादर निवासी राम प्रसाद व उनकी पत्नी क्रांति देवी मीरापुर सीकरी के जंगल में अपने खेत पर रहकर फसल की देखभाल करते थे, जबकि परिवार गांव में ही रहता था। गंगा में आए उफान के बाद खादर क्षेत्र में आई बाढ़ को देख रामप्रसाद के पुत्र नाहर सिंह 40 वर्ष को माता-पिता की चिंता हुई। रविवार शाम वह अपने माता-पिता को देखने के लिए पानी के बहाव की अनदेखी कर निकल पड़ा। काफी मना करने के बाद भी नहीं माना। पानी के तेज बहाव में बह गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कहीं पता नहीं लगा। मंगलवार को तलाश के दौरान नाहर सिंह का शव सरकारी वन में पेड़ों के बीच में फंसा मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। नाहर सिंह के तीन बच्चों में एक लड़की व दो लड़के हैं। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर पहुंचे एसडीएम कुंवर वीके मौर्य ने शासन से नियमानुसार परिजनों को मुआवजे के रूप में चार लाख रुपये दिलाने का आश्वासन दिया है।