बढ़ापुर क्षेत्र में रामगंगा नदी में डूबने से हुई किशोर की मौत पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : BIJNOR
रामगंगा में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत
बढ़ापुर(बिजनौर)। गांव के बच्चों के साथ रामगंगा नदी में नहाने गए ग्राम शाहनगर कुराली निवासी एक किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई। उधर, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
गांव शाहनगर कुराली निवासी ब्रह्मपाल सिंह का 15 वर्षीय पुत्र अंकुश सोमवार शाम गांव के ही अपने चार दोस्त विनय, छोटू, चंदा एवं गांव में अपनी मौसी के यहां आए थाना अफजलगढ़ के गांव भज्जावाला निवासी मंचल कुमार के साथ घर पर बिना बताए रामगंगा नदी में नहाने के लिए गया था। देर शाम अंकुश के साथ नहाने गए सभी बच्चे घर लौट आये लेकिन अंकुश वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। अंकुश के पिता ब्रह्मपाल सिंह ने घटना की सूचना सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे बढ़ापुर पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। नदी किनारे अंकुश के पहने कपड़े मिले। पुलिस व पीएसी के जवानों ने ग्रामीणों की मदद से पूरी रात रामगंगा नदी में अंकुश की तलाश की। अंकुश का शव मंगलवार सुबह करीब पौने छह बजे रामगंगा नदी से मिला। अंकुश अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। उधर, मृतक के परिजन उसके साथ नदी में नहाने गए अन्य किशोरों पर डुबोकर मारने की आशंका जता रहे हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह का कहना है कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मिलने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उधर, पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने भी सभी लोगों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में घूमने व स्नान करने न जाने की अपील की है।
बढ़ापुर क्षेत्र में रामगंगा नदी में डूबने वाले किशोर अंकुश का फाइल फोटो।- फोटो : BIJNOR