धामपुर में अमर उजाला एवं तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के बैनरतले आयोजित भविष्य ज्योति छात्र सम्मान समारोह में इंटर के करीब 800 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्तिपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डीएसएम ग्रुप के ईपी संदीप शर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के आयोजनों से देश के होनहारों को हौसला बढ़ता है। समारोह में लकी ड्रा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने वाले प्रतिभावान छात्रों को छात्रवृत्ति के लिए चयनित किया गया।
बुधवार को कन्या इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में इंटर पास मेधावियों का सुबह आठ बजे से सम्मान पाने के लिए मेला लगना शुरू हो गया था। उत्साह से लवरेज मेधावी सम्मान पाने के लिए 11 बजने का इंतजार कर रहे थे। समय होते ही अमर उजाला की टीम ने मेधावी छात्र-छात्राओं का पंजीकरण करने के लिए उनके रिजल्ट की छाया प्रति जमा कर उन्हें एक-एक लकी ड्रा के लिए प्रपत्र भी दिया, जिसे छात्रों ने भरकर वहां पर लकी ड्रा बाक्स में जमा किया, जिसमें करीब 800 मेधावियों ने भाग लिया। डीसीबी चेयरमैन अमित प्रताप सिंह ने पहला ड्रा निकाला, जबकि दूसरा ड्रा सीओ अशोक यादव व तीसरा ड्रा कोतवाल अजय कुमार भदौरिया ने निकाला। ड्रा में सफल मेधावियों को छात्रवृत्ति देने की घोषणा की गई। तीर्थंकर यूनिवर्सिटी ने किसी भी कोर्स में एडमिशन लेने पर छात्रवृत्ति की धनराशि को फीस में तब्दील कर छूट देने का छात्रों को भरोसा दिया। ड्रा में शामिल तीनों मेधा मुख्य अतिथियों से प्रशस्ति पत्र व मेडल पाकर सम्मानित हुए।
तीर्थंकर महावीर यूूनिवर्सिटी के प्रो. विपिन जैन, प्रो. एमपी सिंह, प्रो. केके झा, प्रो. रवि जैन, डा. संदीप वर्मा, नवनीत विश्नोई, मनीष तिवारी, डा. फरहा, बबीता चावला, ऋचा रानी रहीं। मुख्य अतिथि प्रबंधक कन्या इंटर कालेज नरेंद्र कुमार अग्रवाल, वीरेंद्र माहेश्वरी, विजय कुमार अग्रवाल, लाला नरेंद्र गुप्ता, पालिकाध्यक्ष महमूद हसन कस्सार, कोतवाल अजय कुमार भदौरिया रहे। संचालन प्रो. विपिन जैन व शिक्षक नेता यशपाल तुली ने संयुक्त तौर से किया।
अमर उजाला ने बढ़ाया मान
लाला बालिका केदारनाथ सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज की छात्रा अंशिका भारद्वाज ने कहा कि सम्मान पाकर उनका जो मनोबल ़बढ़ा है, उनका शब्दों में जिक्र करना संभव नहीं है। अमर उजाला ने सम्मान देकर पूरे परिवार का मान बढ़ाया है। छात्रा शिखा रानी , कंचन, बंशिका, कविता, मोनिका का कहना है कि अमर उजाला ने उन्हें सम्मान देकर उनका हौसला बढ़ाया है। छात्र मयंक कुमार, राहुल, विनोद कुमार, अभिषेक ने कहा कि सम्मान मिलने से मनोबल बढ़ता है।
बेटी ने बढ़ाया कद : राजू रजावत
सीबीएसई की जिला टॉपर रही यशिका रजावत के पिता राजू रजावत ने कभी नहीं सोचा था कि बेटी की वजह से उनका जनपद में नाम रोशन होगा। अमर उजाला व तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी ने भविष्य ज्योति छात्र सम्मान समारोह में इतना सम्मान मिलेगा। बेटी को सम्मानित होते देख आज उनका सीना गर्व से चौड़ा हो गया।