गांव पखनपुर के संक्रमित की पत्नी भी निकली पॉजिटिव
बिजनौर। नगीना तहसील के गांव पखनपुर के संक्रमित युवक की पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव निकली है। अब तक इस गांव में एक ही परिवार के पांच लोग कोरोना संक्रमित निकल चुके हैं। इनमें पति-पत्नी और करीब चार साल की एक बच्ची भी शामिल है। संक्रमित महिला को उपचार के लिए मुरादाबाद के कोविड हॉस्पिटल भेज दिया गया है, जबकि सोमवार रात पॉजिटिव आए तीनों मरीजों को रात में ही मुुरादाबाद भेज दिया गया था।
मंगलवार को गांव पखनपुर निवासी एक युवक की पत्नी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे पूर्व यह युवक और चार साल की एक बच्ची समेत दो अन्य परिजन संक्रमित निकल चुके हैं। अब तक इस गांव में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या पांच हो गई है। पूर्व में ही यह इलाका हॉट स्पॉट घोषित होने के कारण इस गांव को पहले ही सील किया जा चुका है। सीएमओ डाक्टर विजय कुमार यादव ने बताया कि ये सभी मरीज 25 मई से नगीना स्थित एलआरएस महिला महाविद्यालय में क्वारंटीन थे। मंगलवार को संक्रमित निकली महिला के पति समेत तीन अन्य परिजनों की जांच रिपोर्ट सोमवार की रात प्राप्त हुई थी। इनमें से चार साल की एक बच्ची भी शामिल थी। सभी का मुरादाबाद के कोविड हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है।
जिले में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 104 हो गई है। इनमें से दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 60 लोग ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में एक्टिव पॉजिटिव केस 42 हो गए हैं। सभी मुरादाबाद के कोविड हॉस्पिटल में भर्ती हैं।