आगामी सत्र में नई शिक्षा नीति के अनुरूप होगा पाठ्यक्रम
बिजनौर। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लेकर जिले में तैयारियां होने लगी हैं। दरअसल, आगामी शैक्षिक सत्र में पाठ्यक्रम नई शिक्षा नीति के अनुरूप रहेगा। इससे पहले शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिससे वह बच्चों को नए पाठ्यक्रम के अनुरूप पढ़ाने में सक्षम हो सकें।
अरविंदो सोसाइटी से यू ट्यूब सेशनों में शिक्षकों को नए पाठ्यक्रम के बारे में बताया गया है। इसके साथ ही जिले में ग्राम प्रधानों और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष को ट्रेनिंग दी गई है। जिससे शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। विद्यालयों के हेडमास्टरों को भी नई शिक्षा नीति के बारे में ट्रेेनिंग दी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जय करन यादव ने बताया कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लेकर जिले में तैयारी की जा रही हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है। क्योंकि बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़कर प्राथमिक विद्यालय में आते हैं। नई शिक्षा नीति के तहत प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ाई कराई जाएगी। अगर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नई शिक्षा नीति के बारे में जानकारी होगी तो वे बच्चों को उसी के आधार पर पढ़ाएंगी। सिर्फ उन्हीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिनके केंद्र विद्यालय परिसर में ही हैं। प्राथमिक विद्यालयों में समस्त किताबें एनसीईआरटी आधारित चलाईं जा रही हैं।