पूरा गन्ना मूल्य भुगतान होने तक जारी रहेगा धरना : भाकियू तोमर
नजीबाबाद। भाकियू तोमर गुट ने चीनी मिल द्वारा किसानों को जारी किए गए बकाया गन्ना मूल्य में 4.35 करोड़ रुपये को कम बताते हुए पूर्ण भुगतान होने तक धरना जारी रखने का फैसला लिया।
भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट के जिलाध्यक्ष विपिन तोमर, युवा जिलाध्यक्ष विशाल बालियान के नेतृत्व में किसानों का किसान सहकारी चीनी मिल परिसर में धरना-प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। जिलाध्यक्ष विपिन तोमर ने कहा कि चीनी मिल ने लगभग 29 करोड़ रुपये बकाया गन्ना मूल्य में 4.35 करोड़ रुपये किसानों के खातों में जारी किया है। पूरा बकाया जारी होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रखने का निर्णय लिया।
तीसरे दिन धरना-प्रदर्शन में लोकेंद्र कुमार, नौबहार सिंह, जरीस अहमद, रिजवान अहमद, सतेंद्र कुमार, डॉ.महमूद सहित अनेक किसान शामिल हुए। भाकियू तोमर गुट के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ.चंद्रवीर सिंह, जिला महासचिव चौधरी चंद्रपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि जब तक नजीबाबाद चीनी मिल किसानों का समस्त गन्ना मूल्य भुगतान नहीं करती तब तक धरना जारी रहेगा। संवाद