बिजनौर-नूरपुर मार्ग पर निर्माण कार्य की जांच के दौरान पूछताछ करते विशेष सचिव डॉ़ उज्जवल कुमार।
बिजनौर। सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शासन सख्त है। इसी क्रम में शनिवार को विशेष सचिव ने 74 करोड़ की लागत से बन रही बिजनौर-छजलैट वाया नूरपुर मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता को परखा और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
शनिवार की दोपहर मुरादाबाद मंडल के नोडल अफसर विशेष सचिव डॉ.उज्ज्वल कुमार का काफिला बिजनौर पहुंचा। यहां उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में बिजनौर-नूरपुर मार्ग के निर्माण का बारीकी से जायजा लिया।
अफसरों की ओर से जांच का यह सिलसिला दो दिनों से लगातार चल रहा है। शुक्रवार को भी अधीक्षण अभियंता संजय जयंत ने भी कई सड़कों का निरीक्षण किया गया था। जिन्होंने नूरपुर फतेहाबाद मार्ग से झीरन चौराहा मार्ग के नवीनीकरण का कार्य, मिर्जापुर बकैना मार्ग, धामपुर नूरपुर मार्ग, बागड़पुर से हुसैनपुर कलां मार्ग की विशेष मरम्मत, निर्माणाधीन बान नदी के पहुंच मार्ग आदि का निरीक्षण किया था। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हेमंत प्रताप सिंह, एई शिशपाल सिंह, प्रयोश कुमार, सुनील कुमार, संजीव कुमार आदि मौजूद रहे।