किराया वसूलने में परिचालकों को आ रही दिक्कत
धामपुर। परिवहन निगम की बसों में सफर करने वाले यात्रियों से टिकट पर अंकित किराए से ज्यादा रुपये लिए जा रहे हैं। इससे रोजाना यात्री और परिचालकों में बसों में कहासुनी हो रही है। निगम के मुताबिक विभिन्न मार्गों पर टोल बूथों पर टोल टैक्स में वृद्धि हो गई है लेकिन टिकट जेनरेटिंग मशीन अभी नए टोल टैक्स के अनुरूप अपडेट नहीं हुई हैं। इससे यात्रियों को टिकट पर अंकित मूल्य से अधिक रुपए देने के लिए विवश होना पड़ रहा है। यह मामला कई महीने से चला रहा है।
धामपुर डिपो की रोडवेज बसों से बिजनौर से धामपुर, नजीबाबाद तक यात्रा करने वाले दैनिक यात्री दिनेश कुमार, सौरभ सिंह, बृजनंदन सिंह का कहना है कि बिजनौर डिपो से धामपुर डिपो की दूरी 49 किमी है लेकिन निर्धारित किराए से सात रुपये प्रति यात्री से अधिक लिए जा रहे हैं। परिचालकों का कहना है कि जब टोल टैक्स लगने से किराया बढ़ गया तो वह यात्रियों से लेंगे ही। पर उनकी टिकट मशीनों में अभी बढ़ा किराया अपडेट नहीं हुआ है। यात्री टिकट पर अंकित किराए से अधिक पैसे नहीं देना चाहते। इस पर परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि विभिन्न टोल प्लाजा पर टैक्स बढ़ गया है जबकि टोल मशीन में यह अपडेट नहीं है।
- जिस कंपनी का ठेका था, वह निरस्त हो गया। अभी किसी दूसरी कंपनी के लिए टेंडर नहीं हुआ। यह समस्या पूरे प्रदेश की है। शिकायत को दूर करने के लिए कार्य चल रहा है। जल्दी दूसरी कंपनी को ठेका मिल जाने के बाद जल्दी समस्या का समाधान हो जाएगा।
एलके त्रिवेदी, एआरएम, धामपुर डिपो