मतदान केंद्र का हर पांच मिनट बाद होगा निरीक्षण
बिजनौर। त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर हर पांच मिनट के अंतराल पर एक अधिकारी निरीक्षण करेगा। प्रशासन इस तरह की योजना पर काम कर रहा है, इसके लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट की संख्या बढ़ाकर निगरानी क्षेत्र छोटा कर दिया गया है। करीब 15 हजार वोटर पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगाह रहेगी। ब्लॉकों में दो से तीन जोनल मजिस्ट्रेट रहेंगे। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट मतदान केंद्र पर निरीक्षण के लिए लगातार पहुंचेंगे।
प्रशासन ने त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव शांति पूर्वक कराने के लिए कमर कस ली है। इसके लिए मतदान केंद्र की निगरानी व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। प्रशासन इस प्रकार की व्यवस्था बनाने में जुटा है कि मतदान केंद्र पर प्रत्येक पांच मिनट के अंतराल से निरीक्षण अधिकारी पहुंचते रहें। इसके लिए ब्लॉकों के सेक्टर छोटे कर दिए गए हैं। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट की संख्या बढ़ा दी गई है। सीडीओ केपी सिंह ने बताया कि जिले में 1123 पंचायत हैं। चुनाव में 22 लाख से अधिक वोटर शामिल होंगे। प्रशासन शांति पूर्वक निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए कटिबद्ध है। इसके लिए ऐसी व्यवस्था बनाई गई है कि हर पांच मिनट के अंतराल पर अधिकारी मतदान केंद्र पर निरीक्षण के लिए पहुंचते रहें। सेक्टर की संख्या बढ़ा दी गई है। रिजर्व पार्टी रेडी टू मूव रहेंगी।
सीडीओ ने बताया कि मौहम्मदपुर देवमल, हल्दौर व स्योहारा ब्लॉक में 12-12 सेक्टर, अफजलगढ़ व नहटौर ब्लॉक में 11-11 सेक्टर, किरतपुर ब्लॉक में आठ सेक्टर, नजीबाबाद ब्लॉक में 19 सेक्टर, कोतवाली ब्लॉक में 21 सेक्टर, धामपुर ब्लॉक में 15 सेक्टर जलीलपुर ब्लॉक में 13 सेक्टर व नूरपुर ब्लॉक में 16 सेक्टर बनाए गए हैं। जिले के 11 ब्लॉक में 150 सेक्टर हैं। सभी में सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। बताया कि 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं।
तीन जाने में बांटा नजीबाबाद ब्लॉक
डीएम रमाकांत पांडेय के निर्देश पर जिले के नजीबाबाद व कोतवाली ब्लॉक को तीन-तीन जोन में बांटा गया है। बाकी नौ ब्लॉक में दो-दो जोन रहेंगे। इस प्रकार सभी 24 जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती हो गई है। दो जोनल मजिस्ट्रेट आरक्षित रहेंगे। सीडीओ ने बताया कि नामांकन सात अप्रैल से शुरू हैं। जिला पंचायत सदस्य के नामांकन के लिए एक निर्वाचन अधिकारी आरओ व 130 सहायक निर्वाचन अधिकारी एआरओ तैनात किए गए हैं। 22 सहायक निर्वाचन अधिकारी रिजर्व में रहेंगे।
नामांकन के लिए रिजर्व में रखे गए एआरओ
जिला पंचायत नामांकन में सबसे अधिक 17 एआरओ कोतवाली ब्लॉक में हैं। इसके बाद नूरपुर व नजीबाबाद ब्लॉक में 14-14 एआरओ हैं। हल्दौर, मौहम्मदपुर देवमल ब्लॉक में 12-12, अफजलगढ़, किरतपुर ब्लॉक में आठ आठ, धामपुर ब्लॉक में 13, स्योहारा ब्लॉक में 10, जलीलपुर, नहटौर ब्लॉक में 11-11 सहायक निर्वाचन अधिकारी रहेंगे। जिला पंचायत के 22 एआरओ रिजर्व में रहेंगे। ब्लॉकों में क्षेत्र पंचायत सदस्य के नामांकन के लिए 56 एआरओ अलग से लगाए गए हैं। चार एआरओ आरक्षित रहेंगे। प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य के नामांकन के लिए 186 सहायक निर्वाचन अधिकारी पहले ही तैनात कर दिए हैं। प्रधान के लिए 26 एआरओ रिजर्व में रहेंगे।