मंडी समिति में होगी नजीबाबाद की मतगणना
नजीबाबाद। एसडीएम और सीओ ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंडी समिति परिसर में मत पेटियां रखने और मतगणना की व्यवस्थाओं की भी रूपरेखा तैयार करते हुए खाद्यान आढ़तियों से दुकानें खाली कराईं।
एसडीएम परमानंद झा और सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतगणना और मत पेटियां रखने के स्थान सुनिश्चित करने के लिए मंडी समिति के सचिव संभव तोमर की उपस्थिति में निरीक्षण किया। प्रशासन ने मंडी समिति परिसर में खाद्यान्न कारोबारियों को 37 दुकानें त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न होने तक खाली करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने खाद्यान कारोबारियों को मंडी परिसर में ही सामान रखने और कारोबार चलाने के लिए गोदाम और बिना आवंटित हुई दुकानें उपलब्ध कराई हैं।
एसडीएम और सीओ ने मंडी समिति में मतगणना व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया। दोनों अधिकारियों ने त्रिस्तरीय पंचातय चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए संवेदन और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम को अंतिम रूप दिया।