पांच घंटे चला धरना समझौते के बाद समाप्त
कोतवाली देहात। पंचायत सचिव और ठेकेदार में चार दिन पूर्व हुई गाली-गलौज व कहासुनी में पुलिस की ओर से कार्रवाई न किए जाने के विरोध में पंचायत सचिवों ने काम बंद कर ब्लॉक में अनिश्चितकालीन धरना दिया। दोनों पक्षों में लगभग पांच घंटे बाद समझौता होने के बाद पंचायत सचिवों ने धरना समाप्त किया।
विकास खंड कोतवाली देहात की ग्राम पंचायत राजोपुर सादात में पंचायत सचिव परवेज अहमद और ठेकेदार मंगू सिंह में बृहस्पतिवार को एडवांस में किए गए विकास कार्य के रुपये निकालवाने को लेकर कहासुनी व गाली-गलौज हो गई थी। पंचायत सचिव परवेज ने ठेकेदार व पूर्व प्रधान के विरुद्ध थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के बाद शनिवार को ग्राम प्रधान संगठन ने पंचायत सचिवों पर 20 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाते हुए ब्लॉक में धरना प्रदर्शन किया था।
पुलिस की ओर से पंचायत सचिव की तहरीर पर कार्रवाई न करने के विरोध में पंचायत सचिव संघ के जिला अध्यक्ष धीरज सिंह के नेतृत्व में संजय सिंह, शैलेंद्र कुमार, मुनेंद्र कुमार, एकेश्वर, रामनील, स्वाति, परवेज व शिखा आदि पंचायत सचिव ब्लॉक प्रांगण में एकत्र हुए और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। लगभग पांच घंटे तक चले धरने के बाद लगभग साढे़ तीन बजे दोनों पक्षों में प्रभारी बीडीओ एस कृष्णा के सामने समझौता हो गया। समझौते के बाद पंचायत सचिवों ने धरना समाप्त हुआ।