इंजेक्शन लगने के बाद बिगड़ी हालत, युवक की मौत
कोतवाली देहात। गांव बेगमपुर शादी उर्फ रामपुर में एक निजी चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन लगाने के बाद एक युवक की हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव बेगमपुर शादी उर्फ रामपुर निवासी मुनेश उर्फ सोनू (30 वर्ष) पुत्र शिवचरण की मंगलवार को दिन में तबियत खराब हो गई थी। परिजन उसे उपचार के लिए नजीबाबाद में एक निजी चिकित्सक के पास ले गए थे। मंगलवार रात्रि में उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन रात्रि मे ही गांव के चिकित्सक नासिर के यहां दवाई लेने चले गए, जहां पर डाक्टर ने दवाई देने के बाद इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाने के कुछ समय बाद ही मुनेश की मृत्यु हो गई।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंची। सोनू के भाई नरेश सिंह ने तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने चिकित्सक को हिरासत में ले रखा है।