झालू। चार दिन से लापता बिजनौर के मोहल्ला मिर्दगान निवासी गुलनाज उर्फ गुल्लू (33) पुत्र इकबाल का शव मंगलवार सुबह करीब 11 बजे ग्राम रसूलपुर मार्ग पर एक बंद मकान में पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने सोमवार को शहर कोतवाली बिजनौर में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
ग्राम रसूलपुर मार्ग स्थित कब्रिस्तान के पीछे असलम मलिक के बंद मकान से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान के बरामदे में युवक का शव पड़ा देखा। शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। शव के पास से दो खाली इंजेक्शन वॉयल, सिरींज और शराब का एक खाली पव्वा पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। बरामद वस्तुओं को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। सूचना मिलते ही परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। मृतक के भाई नौशाद ने दो युवकों पर गुलनाज को साथ ले जाने व हत्या करने का आरोप लगाया है। सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।