नांगल सोती/नजीबाबाद। गांव महमसापुर में पिछले तीन दिनों से लगातार गुलदार देखे जाने से ग्रामीण भयभीत है। ग्रामीणों ने सामाजिक वानिकी से पिंजरा लगाकर गुलदार पकड़ने की मांग की है।
गांव महमसापुर में उदल सिंह की पशुशाला में गुलदार पिछले तीन दिनों से दस्तक दे रहा है। सोमवार की रात्रि भी गुलदार दो बार पशुशाला में घुस आया। गुलदार को देखकर आसपास के ग्रामीण उदल सिंह, कुलबीर, चंद्रशेखर, जगराम, प्रेमपाल, आदि एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो गुलदार जंगल की ओर भाग गया। आए दिन गुलदार की दस्तक से ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों ने सामाजिक वानिकी विभाग के अधिकारियों से क्षेत्र में पिंजरा लगाकर गुलदार पकड़वाने की मांग की है। उधर गांव खिदरीपुरा और घोसीपुर के आसपास गुलदार देखे जाने से ग्रामीणों में भय है। ग्रामीण मांगेराम, सुरेश सिंह,ओमपाल ने क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है। वानिकी विभाग से दरोगा विकास कुमार का कहना है कि मौके पर टीम जा रही है, जल्द ही क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाएगा।