धामपुर/बिजनौर में स्योहारा मार्ग पर केमिकल फैक्ट्री के पास स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। बेहोशी की हालत में घायल को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर शव पीएम के लिए भेज दिया।
पुलिस आरोपी वाहन की तलाश कर रही है।
बृहस्पतिवार की शाम देवेंद्र पुत्र राजपाल निवासी अमखेड़ा व राजू पुत्र वैशाका सिंह निवासी मच्छमार थाना नहटौर बाइक पर स्योहारा से धामपुर आ रहे थे। केमिकल फैक्ट्री के पास धामपुर से स्योहार की ओर जा रहे स्कार्पियो ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की टक्कर से दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। मौके पर ही राजू पुत्र वैशाका की मौत हो गई, जबकि देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायल को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसकी चिंताजनक हालत देखते हुए बाहर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर शव पीएम के लिए भेज दिया। वाहन चालक घटनास्थल से कार लेकर फरार हो गया। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है।
उधर इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई होगी। उधर, बिजनौर में थाना हल्दौर क्षेत्र के कस्बा झालू के मुहल्ला नई बस्ती इस्लामनगर निवासी सलमान 27 वर्ष पुत्र नफीस बाइक द्वारा किसी काम से खारी जा रहा था। झालू व खारी के बीच सामने आ रही दूसरी बाइक से भिड़त हो गई। दूसरी बाइक पर गांव खेड़की निवासी फईम 25 वर्ष पुत्र इंतजार था। हादसे में दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने सलमान को मृत घोषित कर दिया और फईम को गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया।
मालगाड़ी की चपेट में आकर महिला मरी
धामपुर में जैतरा रेलवे फाटक पर मालगाड़ी से कटकर एक महिला की मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जीआरपी प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि करीब तीन बजे मालगाड़ी डाउन लाइन पर जा रही थी। अचानक फाटक के पास महिला मालगाड़ी की चपेट में आ गई।
जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।