शिक्षक विधायक ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
नगीना। भाजपा के वरिष्ठ नेता व शिक्षक विधायक डॉ. हरी सिंह ढिल्लो ने भाजपा सरकार के साढ़े चार वर्ष पूरे होने पर मीडिया के सामने उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने दावा किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 350 सीटें जीतकर प्रदेश में दोबारा सरकार बनाएगी।
सोमवार दोपहर पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस में उन्होंने कहा कि जितने विकास कार्य भाजपा सरकार ने पिछले साढे़ चार वर्षों में किए हैं, उतने पिछले 50 वर्षों में भी नहीं हुए। योगीराज में प्रदेश भर में राम राज कायम हो गया है। सरकार ने 4.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी तथा 3.5 लाख युवाओं को संविदा पर नियुक्ति देने का रिकॉर्ड बनाया है। कोरोना महामारी के दौर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व का देश के लोगों ने ही नहीं बल्कि दुनिया भर के देशों ने लोहा माना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला अकेला राज्य है, जहां नौ करोड़ लोगों को टीकाकरण हो गया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार नगीना में भी भाजपा जीत का परचम लहराएगी। इस दौरान क्षेत्रीय मंत्री अनूप वाल्मीकि, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद चौहान, जिला उपाध्यक्ष अरविंद गहलोत, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अजीत अग्रवाल, ब्लॉक कोतवाली की प्रमुख के पति ठाकुर विकास राजपूत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख व भाजपा नेता फूल सिंह चौधरी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री अब्दुल कयूम राईन, भाजपा महिला मोर्चा की जिला कोषाध्यक्ष नीता गुप्ता आदि मौजूद रहीं।