टूटी फूटी सड़कों की मरम्मत कराएगा गन्ना विभाग
बिजनौर। गन्ना विभाग ढाई करोड़ से अधिक की लागत से सड़कों की हालत सुधारेगा। इसके लिए शासन ने विभाग को बजट जारी कर दिया है। विभाग की ओर से शासन को सड़कों के नाम प्रस्तावित करके भेजे गए हैं। शासन की ओर से सड़कों का चयन किया जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने पर विभाग द्वारा इनकी मरम्मत का काम शुरू करा दिया जाएगा।
गन्ना सीजन शुरू होने में अभी करीब तीन महीने का समय है। गन्ना विभाग सड़क नहीं बनाता है, लेकिन सड़कों की मरम्मत कराने का काम करता है। जिन सड़कों पर गन्ने का ढुलाव ज्यादा होता है, उनके खराब होने पर विभाग सड़कों की मरम्मत कराता है। किसानों की सुविधा के लिए सड़कों के गड्ढे भरे जाते हैं व अन्य कार्य होता है। किसान व जनप्रतिनिधि विभाग को सड़कों के नाम देते हैं। विभाग को शासन की ओर से पहले ही बजट जारी कर दिया जाता है। सड़कों के नाम विभाग की ओर से शासन को भेजे जाते हैं। शासन द्वारा सड़कों को चयनित करके विभाग को सूचना दे दी जाती है। जो सड़क शासन द्वारा चिह्नित की जाती है उन सड़कों की ही मरम्मत गन्ना विभाग कराता है। इस साल भी गन्ना विभाग को शासन से सड़कों की मरम्मत के लिए 2.60 करोड़ का बजट मिल गया है। विभाग की ओर से नौ सड़कों के नाम विभाग को भेजे गए हैं। इन सड़कों में से अब शासन सड़क चिह्नित करके भेजेगा। सड़क चिह्नित होने पर 15 सितंबर से मरम्मत का काम शुरू करा दिया जाएगा।
इन सड़कों के भेजे नाम
बिजनौर परिषद में चक्कर रोड से माता मंदिर होते हुए आलमपुर नीला, बरकातपुर में मंडावर खादगोदाम से लायकपुरी, बिलाई में बिजनौर नूरपुर मार्ग अट्टा मंदिर से हल्दौर तक, चांदपुर में भवानीपुर से मुढ़ाल नाईपुरा, नजीबाबाद में कंडरावाला मार्ग, बुंदकी में आजमपुर परमा भोगली मार्ग से भोगली गन्ना क्रय केंद्र तक, स्योहारा में रफीपुर से अमीरपुर, धामपुर में पीडब्लूडी मार्ग से नंगला बुधवा मार्ग, अफजलगढ़ में कल्लूवाला पुलिस चौकी से नरायनवाला, बिजनौर में झलरी-नसीरी से छितावर मार्ग के नाम प्रस्तावित किए गए हैं।
जल्द शुरू होगा काम
जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के अनुसार सड़कों के नाम शासन को भेज दिया गया है। जल्दी ही शासन से सड़कों के नाम मंजूर होने की संभावना है। इसके बाद काम शुरू करा दिया जाएगा।