कालागढ़ में सोशल डिस्टेंस के साथ मास्क लगाकर परीक्षा देते परीक्षार्थी।
- फोटो : DHAMPUR
तीन महीने के बाद परीक्षा देने पहुंचे छात्र
कालागढ। तीन महीने बीतने के बाद स्कूल में परीक्षा देने के लिए विद्यार्थी पहुंचे। उत्तराखंड बोर्ड की लॉकडाउन के दौरान रद्द हुई परीक्षाएं पुन: शुरू हो गई हैं।
मंगलवार को कालागढ़ के इंटर कॉलेज में रौनक लौट आई। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा का संस्कृत का प्रश्नपत्र हुआ। परीक्षा को पूरी तरह से कोविड 19 के बचाव के साथ कराया गया। पीएचसी प्रभारी देवेंद्र प्रसाद ने बताया कि परीक्षा केंद्र को सैनिटाइज कराया गया। अध्यापकों ने कॉलेज के प्रांगण में पहुंचते ही परीक्षार्थियों की थर्मल जांच की। सोशल डिस्टेंस के साथ मास्क लगाकर कक्षाओं में प्रवेश दिया गया। केंद्र व्यवस्थापक वाईएस नेगी ने बताया कि 24 मार्च के बाद की परीक्षाएं लॉकडाउन के कारण रद्द हो गई थीं। अब उन्हें लिया जा रहा है। संस्कृत के प्रश्नपत्र मे 59 विद्यार्थी शामिल हुए। बुधवार को हाईस्कूल गणित का प्रश्नपत्र है। विद्यार्थियों ने भी लगभग तीन माह बाद स्कूल की शक्ल देखी।