कैराना। नगर में अतिक्रमण हटाने के मुद्दे पर नगर पालिका में व्यापारियों और अधिशासी अधिकारी बीच बैठक का आयोजन किया। इस दौरान व्यापारियों ने पालिका प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करते हुए बैठक का बहिष्कार किया। बाद में अधिशासी अधिकारी के समझाने पर व्यापारी बैठक में शामिल हुए।
करीब छह दिन पहले नगर पालिका द्वारा चौक बाजार और बेगमपुर बाजार में जेसीबी द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया था। आरोप है कि इस दौरान पालिका की टीम ने व्यापारियों के साथ अभद्रता की थी। बुधवार को नगरपालिका में अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने अतिक्रमण के मुद्दे को लेकर व्यापारी की बैठक बुलाई। बैठक में व्यापारियों ने आरोप लगाया कि तीन करोड़ रुपये के सफाई उपकरण खरीदने के बाद कर्मचारी न होने के कारण सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। व्यापारी हंगामा करते हुए सभाकक्ष से बाहर आ गए। बाद में अधिशासी अधिकारी के समझाने पर व्यापारी फिर से बैठक में शामिल हुए। व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रदीप कुमार गोयल और विपुल जैन ने आरोप लगाया कि व्यापारी सबसे अधिक टैक्स देते हैं। व्यापारियों के साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगरपालिका पहले नगरपालिका के बाहर ही किए गए अतिक्रमण को हटाए। इसके अलावा व्यापारियों को पहले नोटिस दिया जाए और दुकानों के आगे सफेद लाइन खींची जाए। सफेद लाइन से आगे व्यापारी अपना सामान नहीं रखेंगे, लेकिन दुकानों के आगे खड़ी होने वाली ठेलियों और ई रिक्शा के विरुद्ध भी नगरपालिका कार्रवाई करे। कहा कि जेसीबी बाजार में ले जाकर व्यापारियों को डराया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा नगर में दो साल पहले बनाए गए शौचालय के भी बंद होने का मुद्दा उठाया गया। व्यापारियों का कहना था कि गांव से आने वाले ग्राहक शौच के लिए कहां जाएंगे। अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने आश्वासन दिया कि शौचालय ठीक कराए जाएंगे। दुकानों के आगे सफेद लाइन बनवाई जाएगी ताकि दुकानदार सफेद लाइन से अंदर ही अपना सामान रख सकें। इसके अलावा दुकानों के आगे ठेली और ई रिक्शा के कारण होने वाले अतिक्रमण पर भी कार्य किया जाएगा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपुल जैन ने कहा कि नगरपालिका अपनी हठधर्मी के कारण व्यापारियों को डराने का प्रयास कर रही है। व्यापारी अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन का सहयोग करेंगे, लेकिन व्यापारियों के साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर पालिका प्रशासन तानाशाही रवैया अपनाएगा तो व्यापारी अपनी दुकान बंद करके चाबी नगर पालिका को सौंप देंगे। इस अवसर पर रामकुमार सिंघल, राकेश वर्मा, शगुन मित्तल एडवोकेट, अंकित जिंदल व वरुण सिंघल के अलावा काफी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।