प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा राजकीय आईटीआई बिजनौर
बिजनौर। अगस्त-2021 से प्रारंभ होने वाले प्रशिक्षण सत्र के लिए चार अगस्त से प्रवेश आवेदन पत्र ऑनलाइन किए जा रहे हैं। बिजनौर जनपद 3188 आवेदन पत्र ऑनलाइन कराकर प्रदेश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। इसमें बरेली जिले को दूसरा और कानपुर नगर प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बिजनौर द्वारा जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से आईटीआई चलो अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसमें आईटीआई के कर्मचारी जनपद के सभी इंटर कॉलेजों में जाकर वहां विद्यालय स्टाफ एवं बच्चों को आईटीआई की उपयोगिता के बारे में बताकर उन्हें आईटीआई करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जिला मुख्यालय के सभी विद्यालयों के मुख्य द्वार पर प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर भी चस्पा किये गए हैं। अब 16 अगस्त से सभी विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति बढ़ने लगी है।
राजकीय आईटीआई बिजनौर के नोडल प्रधानाचार्य मुकेश कुमार शर्मा एवं आईटीआई के प्रधान सहायक राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि आईटीआई आवेदन पत्र 28 अगस्त 2021 तक ऑनलाइन किए जाएंगे। आईटीआई में ऐसे अभ्यर्थी जो कक्षा आठवीं से आगे नहीं पढ़ पाए हैं, वे भी वेल्डर, प्लंबर, पेंटर जनरल, सीविंग टेक्नोलॉजी एवं ड्रेस मेकिंग से आईटीआई करके रोजगार के अवसर बढ़ा सकते हैं। कक्षा दसवीं पास युवक-युवतियां आईटीआई में संचालित किसी भी ट्रेड में प्रवेश ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रधानाचार्य अथवा प्रधान सहायक से संपर्क किया जा सकता है।