नहटौर। उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव विशेष कुमार ने बुधवार को नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा गांव काजीपुरा, बेगराजपुर, नारायण खेड़ी और पाडली मांडू स्थित अतिरिक्त पीएचसी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति परखी। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, साफ-सफाई, दवा वितरण व्यवस्था और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जांच की गई।
विशेष सचिव ने ओपीडी, वार्ड, प्रसूति कक्ष और दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अस्पतालों में साफ-सफाई बनाए रखने और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता शमीम अहमद, बीपीएम अमित श्रीवास्तव, बीसीपीएम राजेश कुमार, डॉ.शान सहित एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।