अधीनस्थों के तबादले करने में बुरे फंसे एसपी
बिजनौर। विवादों में रहे एसपी संजीव त्यागी तबादला होने के बाद भी अपने अधीनस्थों के थोक में तबादला करने में बुरी तरह फंस गए हैं। इस पूरे मामले की जांच आईजी मुरादाबाद रमित शर्मा को दी गई है। रमित शर्मा तीन दिन से बिजनौर में डेरा डाले हुए हैं। एसपी की सत्तादल के नेताओं से ठनी थी। ये नेता एसपी के खिलाफ लामबंद हुए घूम रहे थे। एसपी संजीव त्यागी का तबादला होने के बाद भी इन नेताओं ने शासन स्तर पर एसपी की तमाम शिकायत की थी।
एसपी संजीव त्यागी बिजनौर में 18 महीने रहे। एसपी को हटवाने के लिए सत्तादल के कई नेता लगे हुए थे, पर वे उन्हें हटवा नहीं पा रहे थे। एसपी पर भाजपा संगठन के एक-दो बड़े नेताओं के साथ आरएसएस के कुछ नेताओं का हाथ था। पिछले दिनों एसपी का तबादला हो गया था। पर ये तबादला रोक दिया गया। सत्तादल के एसपी से नाराज नेताओं का आरोप था कि एसपी जिले में किसी भी नेता की नहीं सुनते। अपनी मन मर्जी से काम करते हैं। पुलिस बिना पैसा लिए कोई काम नहीं कर रही है। जिले का बुरा हाल है। कई विधायक व संगठन के पदाधिकारी भी एसपी को हटवाने के लिए मुख्यमंत्री से मिल चुके थे। नहटौर के तेजपाल की 24 जनवरी को हुई हत्या में पुलिस ने आरोपियों को बचाने के लिए फाइनल रिपोर्ट लगा दी। रविवार को परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने मुख्यमंत्री व प्रमुख गृह सचिव को इस मामले से अवगत कराकर एसपी को हटाने को कहा था। रविवार शाम एसपी संजीव त्यागी का प्रतापगढ़ तबादला कर दिया गया।
तबादला होने के बाद एसपी संजीव त्यागी ने करीब 30 दरोगा और दस इंस्पेक्टर समेत तमाम पुलिस कर्मियों के थोक में तबादले कर दिए। इसकी शिकायत आईजी मुरादाबाद व शासन स्तर तक की गई । रात में ही आईजी मुरादाबाद रमिश शर्मा को शासन ने बिजनौर भेज दिया। उन्होंने एसपी द्वारा किए गए सभी तबादलों पर रोक लगा दी। आईजी ने जिले की पूरी कमान अपने हाथों में ले ली। सूत्रों के मुताबिक आईजी गोपनीय तरीके से बिजनौर में डेरा डाले हुए हैं। शासन ने एसपी के क्रियाकलापों की जांच आईजी को सौंपी है। भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक एसपी संजीव त्यागी ने अपने तबादले के बाद थोक में जो अधीनस्थों के तबादले किए हैं। उन तबादलो की सूची एसपी ने पहले ही तैयार कर रखी थी। वे अपना तबादला होने का इंतजार कर रहे थे। उन्हें तबादला होने की पहले ही भनक लग चुकी थी। तबादला होते ही एसपी ने अधीनस्थों के तबादलों की ये सूची जारी कर दी।
एसपी के नजदीक रहे पुलिस वालों के तोते उड़े
एसपी संजीव त्यागी का तबादला होने के बाद सत्तादल के नेताओं के साथ महकमे के अधिकारियों की एसपी के नजदीक पुलिस वालों पर टेढ़ी नजर है। ऐसे पुलिस वालों पर भी गाज गिरना तय माना जा रहा है। एसपी के आशीर्वाद से कई इंस्पेक्टर व दरोगा मनमाफिक जगह थानों के चार्ज के अलावा थानों में जमे हैं। ये एसपी के अलावा किसी की नहीं सुनते थे। एसपी के तबादले के बाद इन पुलिस वालों के तोते उड़े हुए हैं। इन पुलिस वालों को अपने ऊपर कार्रवाई का डर सता रहा है। सत्तादल के नेता व अधिकारी भी इन पुलिस वालों को चिह्नित करने में जुट गए हैं।