निशानेबाज हिमानी वर्ल्ड कप के लिए चयनित
नींदडू़ (बिजनौर)। उत्तराखंड में आयोजित दो दिवसीय थर्ड क्रॉसबो राइफल नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप (सीनियर महिला वर्ग) में दो गोल्ड एवं दो सिल्वर मेडल जीत कर गांव व जनपद का नाम रोशन करने वाली शूटर डा. हिमानी सिंह का क्रॉसबो राइफल सीनियर महिला वर्ल्ड कप टीम के लिए चयन हुआ है।
मानपुर शिवपुरी निवासी भूपेंद्र सिंह बाटा एवं मनोरमा सिंह की शूटर पुत्री डा. हिमानी सिंह ने उत्तराखंड के रामनगर ढेला में आयोजित दो दिवसीय (11 व 12 जुलाई) थर्ड क्रॉसबो राइफल नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप (सीनियर महिला वर्ग) 2020 में प्रतिभाग करते हुए 18 मीटर मिक्स्ड टीम एवं टीम इवेंट में दो गोल्ड मेडल जीते। हिमानी ने अंडर 50 मीटर इंडिविजुअल इवेंट और ओवरऑल केटेग्री में दो सिल्वर मेडल भी हासिल किए। हिमानी के भाई परीक्षित कुमार ने सीनियर पुरुष वर्ग 18 मीटर की इंडिविजुअल प्रतियोगिता में ब्रांज एवं हरगनपुर निवासी बहनोई कुंवर अक्षय कुमार ने अंडर 50 मीटर प्रतियोगिता में ब्रांज मेडल पर कब्जा किया। छह बार राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में भाग ले चुकी यूपी टीम में द्वितीय डा. हिमानी का शानदार प्रदर्शन करने के चलते क्रॉसबो राइफल सीनियर महिला शूटिंग वर्ल्ड कप के लिए चयन हुआ है। हिमानी की इस उपलब्धि के लिए ग्रामीण एवं खेल प्रेमियों ने जनपद का नाम रोशन करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। बायोटेक में पीएचडी डा. हिमानी सिंह आरडी मेमोरियल डिग्री कालेज मानपुर शिवपुरी में प्रधानाचार्य के पद पर नियुक्त हैं।