धामपुर। क्षेत्र के गांव भटियाना में एक सप्ताह में कुत्ते सात लोगों को काटकर जख्मी कर चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वह कई बार वन विभाग के अधिकारियों से कुत्तों को पकड़ने की मांग कर चुके हैं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
मास्टर सुधीर चौहान, केशव, भूपेंद्र आदि ने बताया कि कुत्ते गांव की प्रधान ज्योति के पति सिंधु प्रताप सिंह, उनके ससुर अर्जुन सिंह, गांव की चंचल रानी, चंद्रकांता, चंद्रकला और दो साल के बच्चे नन्हे आदि को काटकर गंभीर रूप से जख्मी कर चुके हैं। गांव में जो भी व्यक्ति दोपहिया वाहन से आता-जाता है, कुत्ते उसके पीछे दौड़ लगा देते हैं। कुत्तों के डर की वजह से गांव के लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने वन विभाग के रेंजर शशांक गुप्ता को घटना से अवगत कराया रेंजर का कहना है कि कुत्ता वन्य जीव नहीं है। इसलिए वन विभाग के अधिकारी नहीं पकड़ेंगे। उधर विकास विभाग के अधिकारियों ने हलके के सचिव को गांव में भेज कर कुत्तों को पकड़ने के निर्देश दिए हैं।