‘संवेदनशील मतदान केंद्र जल्द किए जाएं चिह्नित’
बिजनौर। जिले में अति संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्र जल्द चिह्नित किए जाएं। जिससे तय समय से पहले ही चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके। यह दिशा निर्देश पुलिस अधीक्षक ने गोष्ठी में दिए। वहीं, अपराधों पर रोकथाम और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी टिप्स दिए।
शनिवार को पुलिस लाइन में एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन में सैनिक सम्मेलन और अपराध गोष्ठी की। समस्त थाना प्रभारियों को थाने के स्टाफ की रहने-खाने की सुविधाओं के लिए निर्देशित किया। इसके बाद आयोजित अपराध गोष्ठी में कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर फोकस किया किया गया। विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर प्रस्तावित निरोधात्मक कार्यवाही के साथ संवेदनशील मतदान केंद्रों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की समीक्षा की गई। कच्ची शराब पर नियंत्रण, ग्रामीण इलाकों में रात्रि गश्त, गिरोहबंद अधिनियम से संबंधित अभियुक्तों की संपत्ति को कुर्क कराए जाने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि पीड़ित महिला फरियादियों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना जाए। इस अवसर पर एएसपी सिटी डा. प्रवीण रंजन सिंह, एएसपी देहात राम अर्ज, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता समेत समस्त सीओ, थाना प्रभारी आदि मौजूद रहे।