- वाहन स्वामी के खिलाफ दर्ज कराई गई रिपोर्ट, स्कूल संचालक पर भी कसा जाएगा शिकंजा
- नाले में वाहन गिरते ही बच्चों की चीख पुकार देख सहमे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
स्योहारा (बिजनौर)। ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल का वाहन शुक्रवार को अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरा। राहगीरों ने दौड़कर बच्चों को नाले से बाहर निकाला। हादसे में दर्जनभर छात्र-छात्राएं चोटिल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार देकर घर भेजा दिया गया। मामले में स्कूली वाहन के स्वामी के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। दरअसल, यह वाहन बिना फिटनेस और बिना परमिट के ही सड़कों पर दौड़ रहा था।
शुक्रवार की दोपहर मुरादाबाद रोड स्थित ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूल वाहन टाटा मैजिक बच्चों को घर छोड़ने जा रहा था। वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को सवार किया गया था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने अचानक स्कूली वाहन अनियंत्रित हो कर बाई तरफ सड़क किनारे दस फिट गहरे नाले में जा गिरा। वाहन के गिरते ही बच्चों में चीख पुकार मच गई। राहगीरों और आसपास के दुकानदारों ने दौड़कर बच्चों को वाहन से निकाल कर निकट सीएचसी में भेज दिया। सूचना मिलते ही अभिभावक घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े।
घटना में कक्षा तीन के फहाम (10) पुत्र नईम अहमद निवासी अलादीनपुर, मरियम (10) पुत्री वसीम अहमद निवासी हयातनगर, इकरा (9) पुत्री अजीम अहमद निवासी हयातनगर, कक्षा दो की इंसा (8) पुत्री महबूब अली निवासी इस्लाम नगर सहित लगभग एक दर्जन बच्चे घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से स्कूली वाहन को नाले से बाहर निकाला।
बीमा, फिटनेस व परमिट तक नहीं था वाहन का
स्योहारा। परिवहन विभाग की लाख सख्ती के बाद भी बिना परमिट व फिटनेस के सड़को पर वाहन सरपट दौड़ रहे हैं। कई स्कूलों में खटारा वाहन बच्चों को लाने ले जाने का काम कर रहे हैं। क्षमता से तीन गुना अधिक सवारियां भर कर बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ हो रहा है। जो टाटा मैजिक अनियंत्रित होकर पलटा है, उसका बीमा, फिटनेस व परमिट तक नहीं था। फिर भी मासूम बच्चों की जिंदगी से खेल रहे हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह का कहना है कि समय समय पर अभियान चला कर ऐसे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है।
वाहन स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मामले में एआरटीओ प्रवर्तन गौरी शंकर ठाकुर की ओर से स्योहारा थाने में वाहन संख्या यूपी20 टी 4337 के स्वामी हसीन अहमद निवासी पित्थापुर मसूर सराय स्योहारा के खिलाफ रिपार्ट दर्ज कराई गई है। एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि उक्त स्कूली वाहन के परमिट व फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं थे। इस वाहन को बच्चों की जान को जोखिम में डालकर चलाया जा रहा था। स्कूल स्वामी को भी नोटिस भेजने की तैयारी चल रही है।
जिस वाहन से घटना हुई है, वह हमारे स्कूल का नहीं था। वाहन में सवार बच्चे हमारे स्कूल के जरूर थे। यह वाहन बच्चों के परिजनों द्वारा लगाया हुआ था। वाहन से उनका कोई संबंध नहीं है। - डा. जेपी शर्मा, प्रबंधक, ज्ञानदीप पब्लिक सीनियर सेकेंड्री स्कूल, स्योहारा
हारा में स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर नाले में गिरने से घायल छात्राएं।
हारा में स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर नाले में गिरने से घायल छात्राएं।