घोटाले के आरोपी बाबू के घर नोटिस चस्पा
बिजनौर। स्वास्थ्य विभाग में एनएचएम में हुए तीन करोड़ दस लाख रुपये के घोटाले में निलंबित बाबू के घर पर नोटिस चस्पा किया गया है।
सोमवार को विभाग की टीम ने एनएचएम घोटाले में निलंबित चल रहे मुजफ्फरनगर जिले के मोहल्ला जनकपुरी निवासी कैलाश ठाकुर के आवास पर नोटिस चस्पा किया। सीएमओ डॉ.विजय कुमार गोयल के अनुसार कैलाश ठाकुर के आवास पर न मिलने पर उनके दो पड़ोसियों के सामने आवास पर नोटिस चस्पा किया गया है।
उल्लेखनीय है कि कुछ साल पहले एनएचएम में सामान खरीदने के नाम पर करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ था। विभाग के अफसरों ने बिना माल खरीदे ही पांच कंपनी को तीन करोड़ दस लाख रुपये का भुगतान कर दिया था। शासन में मामला पकड़ में आने पर पूर्व सीएमओ सहित कई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। रिपोर्ट दर्ज कराने वाले सीएमओ डॉ.सुखवीर सिंह को भी बाद में जांच में शामिल कर लिया गया था। विभाग में तीन करोड़ से ज्यादा रकम के घोटाले के मामले में विभाग के वरिष्ठ लिपिक रहे कैलाश ठाकुर निलंबित चल रहे हैं। उनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है।