तीरंदाजी में एसबीडी और एसपी कॉलेज की टीम प्रथम
धामपुर। एसबीडी कालेज की ओर से शनिवार को अंतर महाविद्यालयी तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पांच कालेजों के तीरंदाजों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रथम टारगेट 70 मीटर, द्वितीय टारगेट 50 मीटर, तृतीय टारगेट 30 मीटर रहा। प्रतियोगिता का शुभारंभ बतौर सीओ अजय कुमार अग्रवाल ने तीरंदाजी कर किया। प्रतियोगिता में कंपाउंड वर्ग में एसएमडीके गुरुकुल चोटीपुरा अमरोहा, इंडियन वर्ग में एसबीडी धामपुर व रिकर्व में एसपी कालेज तिगरी चांदपुर की टीम प्रथम रही।
शनिवार को विनायक मंडप के मैदान में हुई प्रतियोगिता में पांच कालेजों एसबीडी महिला महाविद्यालय धामपुर, रमाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय गजरौला, एसपी कालेज तिगरी चांदपुर, जीएसएच कालेज चांदपुर, एसएमडीके गुरुकुल चोटीपुरा अमरोहा के करीब 60 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्राचार्य डा. अर्चना सिंह ने बताया कि इंडियन राउंड में पुरुष वर्ग में नवनीत कौशिक, आकाश भारती व निगम चौधरी, महिला वर्ग में रिया, कृतिका राजूपत, शगूफा नाज, कंपाउंड महिला वर्ग में वरेण्या, गायत्री, शगुन प्रथम द्वितीय व तीसरे स्थान पर रही। रिकर्व राउंड महिला वर्ग में राखी पांचाल प्रथम व शैली शर्मा ने द्वितीय स्थान पाया। कोच अर्चना रहीं।
इससे पहले प्रबंधक विजय कुमार, प्राचार्या डा. अर्चना सिंह, विषय विशेषज्ञ डॉ. योगेंद्र सिंह राणा उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के संयुक्त सचिव, ती अर्चना शारीरिक (कार्यक्रम समन्वयक) शिक्षा विभागाध्यक्ष, डा. चारू अग्रवाल, डा.एसके राजपूत, अवनि सिंह, डा. पूनम चौहान ने सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित किया। प्राचार्या ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। प्रबंधक ने डॉ. योगेन्द्र सिंह राणा एवं डा. सोमपाल सिंह पर्यवेक्षक को सम्मानित किया। नगमा परवीन ने प्रबंधक विजय कुमार को सम्मानित किया।