दौड़ में सरिता प्रथम, शाकिब बना चैंपियन
नींदडू़। अमरोहा में संपन्न हुई मंडलीय खेलकूद प्रतियोगिता में गांधी इंटर कॉलेज की छात्रा सरिता चौहान ने फर्राटा दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि मोहम्मद शाकिब को चैंपियन घोषित किया गया। मंगलवार को कॉलेज पहुंचने पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
19 से 21 अक्तूबर तक अमरोहा के स्टेडियम में संपन्न प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में गांधी इंटर कॉलेज मनकुआ की इंटरमीडिएट की छात्रा सरिता चौहान ने 100 मीटर दौड़ में प्रथम, 200 मीटर दौड़ में द्वितीय एवं लंबी कूद में तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में हाई स्कूल के मोहम्मद आसिफ ने ऊंची कूद में पहला स्थान हासिल किया, जबकि सब जूनियर वर्ग में कक्षा 10 के मोहम्मद शाकिब को 400 मीटर, 600 मीटर की दौड़ तथा ऊंची कूद में पहला स्थान प्राप्त करने पर चैंपियन घोषित किया गया। योगेश्वरी रानी ने 200 मीटर दौड़ में द्वितीय, काजल रानी ने पांच किलोमीटर पैदल चाल में दूसरा, भारती देवी ने 1500 मीटर, 3000 मीटर की चाल में तीसरा, शशि, वर्षा ने चक्का फेंक और तीन किलोमीटर की चाल में तीसरा स्थान हासिल किया। झंडी दौड़ में मोहम्मद आसिफ प्रथम, सरिता चौहान द्वितीय, योगेश्वरी रानी द्वितीय, सीमा चौहान, लिप्सी चौहान, मोहम्मद शाकिब ने दूसरा स्थान हासिल किया।
प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को विद्यालय की ओर से अतिरिक्त पुरस्कार देकर उत्साह वर्धन किया। इस अवसर पर विज्ञान एवं खेल अध्यापक राहुल कुमार शर्मा, खेम कुमार, पंकज कुमार, योगेंद्रपाल सिंह और देवराज सिंह समेत शिक्षक, शिक्षिकाएं मौजूद रहे। प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने बताया कि एक नवंबर से तीन नवंबर तक प्रयागराज में मदनमोहन मालवीय स्टेडियम में होने वाली 70वीं क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में सब जूनियर वर्ग में मोहम्मद शाकिब, सीनियर वर्ग में सरिता चौहान और जूनियर वर्ग में मोहम्मद आसिफ भाग लेंगे।