फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोहरा छाया, सर्द हवाओं ने खूब सताया

Tue, 17 Jan 2017 11:19 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
सर्द हवाओं में गर्म कपड़े पहनकर जाती युवती। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बिजनौर/नगीना।  जिले में मंगलवार को दिनभर कोहरा छाया रहने और सर्द हवाओं के कारण कंपकंपाने वाली ठंड कायम रही। पूरा दिन चौराहों पर राहगीर अलाव तापते नजर आए। बाजार में भी ग्राहकों की आवाजाही कम रही। मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। 
विज्ञापन


सोमवार रात से ही तेज हवा चलनी शुरू हो गई थी। इसके चलते सर्दी का सितम जारी रहा। आसमान में घने बादलों को देखकर लोग रात में ही बारिश होने का अनुमान लगा रहे थे। लेकिन बारिश नहीं हु़ई। मंगलवार को भी पूरा दिन घना कोहरा छाया रहा। एक मिनट के लिए भी सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए। दिन में तेज हवा के बीच कई बार ऐसा लगा कि बारिश होने वाली है। खराब मौसम का असर बाजार में भी दिखाई दिया। बाजार में रोजमर्रा के हिसाब से ग्राहकों की संख्या काफी कम रही। जगह-जगह लोग अलाव जलाकर तापते नजर आए। इस साल जनवरी में भी अच्छी सर्दी होने से गेहूं की फसल अच्छी होने के आसार हैं।

नगीना स्थित मौसम वैधशाला के प्रेक्षक डा. आरके शर्मा के अनुसार आसमान में बादल नहीं कोहरा है। बारिश होने के आसार नहीं है। अभी एक-दो दिन और घना कोहरा आने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का ही असर है कि मौसम में ठिठुरन कम नहीं हुई है। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते दिन भर आकाश में कोहरा छाए रहने व सर्द हवाओं के चलते मौसम ने ठिठुरन का एहसास कराया। इधर दो दिनों में हुई क्षेत्र में बूंदाबांदी से किसानों के चेहरे खिले हैं। उन्होंने गेहूं, चना, मसूर की फसलों को लाभदायक बताया है। इधर प्रशासन ने कड़ाके की सर्दी के चलते अलाव जलाने की व्यवस्था कराई है। लेकिन ठंड के सामने नाकाफी है। 
विज्ञापन


कृषि अनुसंधान मौसम वैधशाला के प्रेक्षक आरके शर्मा के मुताबिक न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस एवं आर्द्रता 92 प्रतिशत एवं अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता 88 प्रतिशत रिकार्ड की गई। प्रेक्षक के अनुसार कोहरा और सर्द हवाओं का असर अभी कायम रहेगा।
उधर, नींदडू़ में  सर्द हवाओं के कारण मंगलवार को भी लोग ठंड से परेशान रहे। अधिकांश लोग अपने घरों में दुबकने पर मजबूर हो गए। लोगों ने कई जगह पर अलाव का सहारा लिया। आम लोगों ने ठंड से राहत के लिए स्थानीय प्रशासन से जगह-जगह अलाव की व्यवस्था करने की मांग की है।

कालागढ़ में तीन डिग्री रहा पारा

कालागढ़। लगातार चल रही शीत लहर और कोहरे की वजह से कालागढ़ का तापमान गिरने लगा है। मंगलवार को नगर में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।  कालागढ़ क्षेत्र इन दिनों शीतलहर और कोहरे की चपेट में है। रामगंगा बांध के नियंत्रण कक्ष के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि दोपहर को तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा। पूरे इलाका कोहरे की चपेट में रहा। दिन भर बारिश की आशंका बनी रही। 
इसके अलावा ठंड को देखते हुए जिला अधिकारी और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए जो अवकाश के आदेश जारी किए है। वह निजी स्कूलों के लिए मखौल बनकर रह गए हैं। शीत लहर में भी कालागढ़-अफजलगढ़ क्षेत्र में कई निजी स्कूल खुले रहे। जबकि सर्दी की वजह से बच्चों की संख्या कम रही। ज्यादातर अभिभावक खुद ही अपने बच्चों को नहीं भेज रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें