‘संस्कृत है सभी भाषाओं की जननी’
बिजनौर। संस्कृत बिहारी माध्यमिक विद्यालय चांदपुर में संस्कृत दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया। इस मौके पर संस्कृत भाषा को सभी भाषाओं की जननी बताया गया । साथ ही संस्कृत भाषा के संरक्षण व संवर्धन पर जोर दिया गया है ।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान नई दिल्ली के योजना अधिकारी राजेश कुमार मिश्र ने कहा कि संस्कृत भाषा सभी प्राचीन भाषाओं की जननी है। सभी को संस्कृत भाषा के उत्थान के लिए आगे आना चाहिए।
जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक तथा संस्कृत भाषा के जानकार डा. कपिल कुमार शर्मा ने कहा कि संस्कृत भाषा देश की संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने में सक्षम है। संस्कृत भाषा में लिखे गए हमारे धार्मिक ग्रंथ मानव से मानव को जोड़ने का संदेश दे रहे हैं।
डा. चंद्रसेन पाठक के अनुसार भारत सरकार द्वारा संस्कृत सप्ताह मनाया जाना गौरव की बात है। संस्कृत भाषा वैज्ञानिक प्रमाणिकता पर खरी उतरी है। हिंदू इंटर कालेज चांदपुर के संस्कृत प्रवक्ता के मुताबिक संस्कृत भाषा में सभी ज्ञान विज्ञान निहित है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डा. सतीश बाबू पाठक ने संस्कृत भाषा के गौरवशाली इतिहास का प्रकाश डाला। विद्यालय से संस्कृत की शिक्षा प्राप्त करने के बाद देश विदेश में उच्च पदों पर रहे व कार्यरत विद्वानों की जानकारी दी। कहा कि सभी को संस्कृत भाषा अनिवार्य रूप से पढ़नी चाहिए। डा. सुकुंज शर्मा व नंदकिशोर शर्मा ने विचार रखे।