गांगन पुल के लिए 4.84 करोड़ रुपये स्वीकृत
नजीबाबाद/नगीना। नगीना-नहटौर मार्ग से जुड़े भूरापुर कल्लूवाला-नरैनी संपर्क मार्ग पर गांगन नदी के पुल की एप्रोच बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने पुनरीक्षित धनराशि की स्वीकृति दी है। जल्द ही लोनिवि पुल की एप्रोच निर्माण का कार्य शुरू कराएगा।
भूरापुरा कल्लूवाला से नरैनी मार्ग पुल पर गांगन नदी पर पुल का निर्माण वर्ष 2015 में शुरू हुआ था। लोनिवि द्वारा 3.14 करोड़ रुपये की लागत पुल निर्माण खर्च किए जाने के बाद पुल निर्माण की एप्रोच आदि के लिए पुनरीक्षित बजट के इंतजार में निर्माण कार्य रुका हुआ था। क्षेत्रीय विधायक मनोज पारस ने पुल निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए प्रयास किए। मुख्यमंत्री ने पुल निर्माण कार्य के लिए लोनिवि द्वारा पुल निर्माण की एप्रोच सहित कुल पुनरीक्षित निर्माण राशि 4.84 करोड़ रुपये को स्वीकृति प्रदान कर दी। शासन के उपसचिव राजेश अग्रवाल ने प्रमुख अभियंता विकास लोनिवि को पुल निर्माण पुनरीक्षित धनराशि को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से स्वीकृति मिलने के बाद गांगन एप्रोच निर्माण कार्य शुरू किए जाने के लिए हरी झंडी दे दी। लोनिवि शेष धनराशि से जल्द ही गांगन पुल पर एप्रोच निर्माण कार्य शुरू कराएगा।