फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भड़काऊ भाषण में सपा नेता पर रिपोर्ट

Thu, 01 Jun 2017 11:40 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बिजनौर
विज्ञापन
सपा नेता फैजान मलिक के भाई को पकड़ कर लाती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 बिजनौर में लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में कथित बलात्कार की वारदात को लेकर फेसबुक पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और धर्म विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले सपा नेता फैजान मलिक के खिलाफ हिंदू युवा वाहिनी ने थाने में तहरीर दी है। वाहिनी के मंडलाध्यक्ष डॉ. एनपी सिंह ने पुलिस को फैजान मलिक के भड़काऊ बयान का एक वीडियो भी दिया है। पुलिस ने आरोपी के भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
विज्ञापन


मंगलवार को लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में एक महिला से बलात्कार की अफवाह फैलने के बाद लोगों ने बिजनौर स्टेशन पर जमकर हंगामा किया था। सपा नेता फैजान मलिक ने जिला अस्पताल में जाकर भी हंगामा किया था। उसने फोन करके कई साथियों को वहां बुला लिया था। बृहस्पतिवार को फैजान मलिक के खिलाफ हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी डॉ. एनपी सिंह व कार्यकर्ताओं ने थाने में जाकर तहरीर दी है।

तहरीर में कहा गया है कि फैजान मलिक ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व जिला प्रशासन के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी की है। आधारहीन घटना को लेकर लोगों ने कानून हाथ में लेकर ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी से मारपीट की और शहर की फिजां खराब करने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं ने फैजान मलिक, उसकी फेसबुक टिप्पणी को लाइक करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान वाहिनी जिलाध्यक्ष नीरज विश्नोई, संजीव मलिक, अमन सक्सेना, मास्टर अनिल सिंह, हरीश चौहान, शिवम चौधरी, संकित राठी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन


पहले से बदनाम है फैजान
सपा नेता फैजान मलिक सपा सरकार के समय से ही फेसबुक व व्हाट्स ऐप पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के लिए बदनाम रहा है। कई बार फैजान को उसके दोस्तों ने ऐसा न करने की नसीहत दी, पर उसने किसी की नहीं सुनी।
हंगामा करने वालों पर दर्ज होगी रिपोर्ट
एएसपी असित श्रीवास्तव के मुताबिक, पूरे मामले की जांच की जा रही है। फैजान मलिक समेत हंगामा करने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।

 
रेप केस की विवेचना मुरादाबाद भेजी गई
बिजनौर में मंगलवार को चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस में एक महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात की विवेचना बिजनौर से मुरादबाद जीआरपी थाने को ट्रांसफर कर दी गई है। घटनास्थल मुरादाबाद क्षेत्र में है, इसलिए यह केस वहां भेजा गया है। बुधवार को महिला ने कोर्ट में अपने साथ रेप होने से इंकार कर दिया था। 
मंगलवार को महिला ने जीआरपी के सिपाही कमल शुक्ला पर विकलांग कोच में रेप करने का आरोप लगाया था। सिपाही महिला की तबियत खराब होने पर उसे विकलांग कोच में ले गया था। बिजनौर रेलवे स्टेशन व जिला अस्पताल में इस घटना को लेकर खूब हंगामा हुआ था। इस घटना की महिला ने बिजनौर में जीआरपी की रिपोर्टिग चौकी पर रिपेार्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को महिला कोर्ट में अपने बयान से मुकर गई।
कोर्ट में महिला ने कहा कि उसके साथ रेप नहीं हुआ था। बृहस्पतिवार को इस केस की विवेचना जीआरपी मुरादाबाद के थाने को ट्रांसफर  कर दी गई । घटना क्षेत्र चांदपुर मुरादाबाद क्षेत्र में है। एसपी रेलवे केशव कुमार चौधरी ने विवेचना मुरादाबाद जीआरपी ट्रांसफर होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही 169 की रिपोर्ट देकर सिपाही को जेल से  बाहर निकलवाया जाएगा।

 
पुलिस ने नारेबाजी कर
रहे लोगों को भगाया
चांदपुर में ट्रेन में महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित रेप के मामले में प्रदर्शन करते हुए शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने वालों को पुलिस ने लाठी फटकार कर भगा दिया।

बृहस्पतिवार को कुछ लोग मुहल्ला चाहसंग की ओर से ट्रेन रेप मामले में नगर के मुहल्लों से प्रदर्शन करते हुए तहसील की ओर जा रहे थे। लोग आरोपी को फांसी दो, पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद तथा शासन-प्रशासन मुर्दाबाद आदि  नारे लगा रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे एसआई संजय गिरी ने बिजनौर बाईपास रोड पर देवी मंदिर के पास उन्हें रोककर समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग नारेबाजी करते रहे।

समझाने पर भी उग्र रुख अपना रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठी फटकारनी पड़ी । कोतवाली निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि लोगों द्वारा धारा 144 का उल्लघंन किया गया था। बिना अनुमति के नगर में प्रदर्शन व नारेबाजी कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की जा रही थी। उनके प्रदर्शन से बिजनौर रोड पर यातायात बाधित हुआ है। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि करीब 30-35 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी जा रही है।
विज्ञापन

ट्रेन में दुष्कर्म मामले में कर रहे थे प्रदर्शन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें