झालू। आजाद किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं द्वारा बिलाई चीनी मिल द्वारा बकाया गन्ना भुगतान न करने के कारण धरना प्रदर्शन और गोलबाग तिराहे पर जाम लगाने के मामले में पुलिस ने आकियू के 11 नामजद समेत 25-30 कार्यकर्ताओं के खिलाफ धारा 144 का उल्लंघन समेत कई मामलों में रिपोर्ट दर्ज की है।
आकियू कार्यकर्ताओं ने एक दिन पूर्व कस्बा झालू में रेलवे फाटक के समीप बिलाई शुगर मिल द्वारा 150 करोड़ का बकाया भुगतान न करने से क्षुब्ध होकर धरना प्रदर्शन किया था। बाद में मिल प्रबंधन व प्रशासन के आश्वासन से संतुष्ट न होने के बाद किसानों ने गोलबाग तिराहे पर पहुंचकर जाम लगा दिया। जाम में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव के फंसने के बाद किसानों ने उन्हें भी धरना स्थल पर बैठा लिया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विक्रमादित्य मलिक, तहसीलदार प्रीति सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण रंजन सिंह ने जाम खुलवाया तथा किसानों को तीन मांगों पर संतुष्ट करते हुए धरना प्रदर्शन समाप्त कराया था। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करने, महामारी अधिनियम व धारा 144 का उल्लंघन करने की कार्रवाई करते हुए आकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, हाजी शकील, सतेंन्द्र राठी, मास्टर गिरिराज सिंह, नेपाल सिंह, शीशपाल, धीरज, वीरेंद्र, कुद्रतुल्ला, राजपाल को नामजद करते हुए 25 से 30 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।