रियल एस्टेट कंपनी पर ठगी करने का आरोप
धामपुर। एक रियल एस्टेट लिमिटेड कंपनी पर लोगों ने करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को सीओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि कंपनी के एजेंटों ने लोगों को जमा धन का कई गुना वापस करने के नाम पर रुपये जमा कराए थे। पर अब यह कंपनी उनके रुपये लेकर फरार हो गई है। रुपये मांगने पर कंपनी के एजेंट उनके साथ अभद्रता कर जान से मारने तक की धमकी दे रहे हैं। सीओ ने मामले की जांच कराकर आरोपियों पर कार्रवाई कराने का भरोसा दिया है।
क्षेत्र के कई गांवों के लोग सोमवार को सीओ कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। ग्रामीण केंद्र कुमार, शमा परवीन, निशा देवी, सती बाला, इंदिरा देवी, चंद्रभान सिंह, चरण सिंह, नकुल कुमार, रमेश सिंह, रघुवीर सिंह, रामकुमार सिंह, राजवीर सिंह, नरदेव कुमार, कृष्णा, चंद्रकला, रामगोपाल सिंह, वरीशा, रुखसाना, शहनाज, शबनम, मनोज कुमार, पूरन सिंह ने बताया कि इस कंपनी के गांव गांव में एजेंट हैं। एजेंटों ने लोगों से उनके धन का निर्धारित समय में कई गुुना धन वापस दिलाने के नाम पर खाते खुलवा कर रकम को जमा कराया। लोगों ने बताया कि जब समय पूरा हो गया और वह रुपये मांगने लगे तो कंपनी के लोगों ने आंख दिखा दी। पिछले कई माह से कहते आ रहे हैं कि कंपनी उन्हें उनकी धनराशि जरूर वापस करेंगी। पर अभी तक कुछ नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके द्वारा कंपनी में कई कई हजार की रकम को वह जमा कर चुके है। उम्मीद थी कि जब समय पूरा हो जाएगा तो उन्हें एकमुश्त रकम मिलेगी। शशिबाला ने बताया कि कंपनी का कार्यालय बरेली में है। कंपनी के लोगों ने उन्हें 23 जनवरी को बरेली बुलाया था। लेकिन भरोसा देने सिवा उन्हें कुछ नहीं मिला। दबाव देने पर अब कंपनी के एजेंट भी ढूंढने से उनके हाथ नहीं लग रहे हैं। सीओ से कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई करने और उनकी रकम को वापस दिलाने की मांग की है। उधर सीओ अजय कुमार अग्रवाल का कहना है कि यह मामला कई साल पुराना है। मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। मामले की जांच कर समस्या का निदान कराने का प्रयास किया जाएगा।