रमाकांत का तबादला, उमेश मिश्रा होंगे डीएम
बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय का जिले से स्थानांतरण हो गया। अब अमरोहा के डीएम उमेश मिश्रा को बिजनौर की कमान सौंपी गई है। रमाकांत पांडेय करीब 23 महीने बिजनौर में तैनात रहे। उनके कार्यकाल की बात की जाए तो सत्ता पक्ष के नेता, कार्यकर्ताओं से उनकी खास नहीं जमी। पिछले लंबे समय से भाजपा नेता प्रशासन में उनकी बात न सुने जाने का आरोप लगा रहे थे। उधर, इस स्थानांतरण को जिला पंचायत चुनाव की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
रमाकांत पांडेय को विशेष सचिव आबकारी विभाग बनाया गया है। उन्होंने 16 जुलाई 2019 को बिजनौर में डीएम का कार्यभार ग्रहण किया था। यहां उनका 23 महीने का कार्यकाल रहा। इस कार्यकाल में अधिकांश समय कोरोना महामारी रही। वहीं, पंचायत चुनाव भी उन्हीं के समय में हो गया। इन सभी मौकों पर सत्ता पक्ष और प्रशासन कहीं अलग-थलक खड़ा नजर आया। लोग नेताओं के पास जाते तो प्रशासन में उनकी न सुने आने की बात चर्चाओं में रही। कुछ भाजपा नेता कई बार शिकायत भी कर चुके थे, लेकिन कुछ खास असर नहीं हुआ।
जिला पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू
असल में भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में अपना प्रत्याशी साकेंद्र प्रताप के रूप में उतार चुकी है। सूत्रों की मानें तो भाजपा कार्यकर्ता चुनाव में जिले के उच्च अधिकारियों पर सहयोग न करने का आरोप लगाते हुए हाईकमान तक शिकायत कर चुके थे। जिले में मजबूती से चुनाव लड़ाने की जिम्मेदारी हाल ही में परिवहन मंत्री अशोक कटारिया को सौंपी गई थी। तभी से कुछ अफसरों के स्थानांतरण जल्द होने की चर्चाएं भी होने लगी थीं। ऐसे समय में डीएम रमाकांत पांडेय के स्थानांतरण को जिला पंचायत चुनाव की तैयारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है।