विधायक के प्रस्तावित 16 करोड़ रुपए के कार्यों को मंजूरी
नजीबाबाद। शासन ने विधायक हाजी तसलीम अहमद द्वारा प्रस्तावित दो रपटा पुल सहित 16 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी है। गूढ़ा सराय क्षेत्र में गांगन नदी पुल रपटा और इस्सेपुर क्षेत्र में कटैनी नदी रपटे पर करीब छह करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य लोनिवि की देखरेख में होगा।
क्षेत्रीय सपा विधायक हाजी तसलीम अहमद के विधायक निधि के 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों सहित शासन ने 16 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। लोक निर्माण विभाग नजीबाबाद, झक्काकी, जोगीरम्पुरी, नेकपुर मार्ग के किलोमीटर आठ पर स्थित गांगन नदी रपटे पर लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से 45.37 मीटर लंबा पुल निर्माण कराएगी। इसी मार्ग पर किलोमीटर छह पर कटैनी नदी रपटे पर लगभग 1.91 करोड़ रुपये की लागत से 30 मीटर लंबा पुल का निर्माण कराया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2020-21 के दोनों प्रस्तावित पुल निर्माण के लिए मुख्य अभियंता मुरादाबाद डीके मिश्रा ने मुख्य अभियंता सेतु निगम लोनिवि लखनऊ को पुल निर्माण संबंधी फाइल भेजी है।
विधायक ने विधानसभा सत्र में विकास मुद्दे उठाने के साथ 22 मार्च 2021 को विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित के समक्ष रपटा पुल निर्माण सहित क्षेत्र के संपर्क मार्गों और पुलिया निर्माण की आवश्यकता का प्रस्ताव सौंपा था। विधायक हाजी तसलीम अहमद ने बताया कि सहायक अभियंता लोनिवि ज्ञान प्रकाश सिंह ने वर्षा ऋतु के बाद दोनों रपटा पुल निर्माण शुरू किए जाने की जानकारी दी है।
दो दर्जन से अधिक गांव को होगा फायदा
गांगन नदी रपटा और कटैनी नदी रपटे पर पुल निर्माण होने से दशकों पुरानी ग्रामीणों की समस्या हल होगी। पुल निर्माण होने से गांव परमावाला, भदौला, झक्काकी, जोगीरम्पुरी, गूढ़ा सराय, इस्सेपुर, टांडा माईदास, कोटकादर, कंडरावाली, चिलकिया, गांवड़ी, खोबड़ा, लालवाला, इस्लामगढ़, खेड़ा, इमरती नगर सहित क्षेत्र के करीब 30 गांव को फायदा होगा। दोनों नदियों के उफान से क्षेत्र के गांव का आवागमन प्रतिवर्ष लंबे समय के लिए ठप हो जाता है।