किसान आयोग के गठन की उठाई मांग
नजीबाबाद। राष्ट्रीय किसान यूनियन ने कृषि आयोग का गठन करने सहित कई मांगों को लेकर तहसील में प्रदर्शन किया। किसानों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
राष्ट्रीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी महिपाल सिंह तोमर के नेतृत्व में किसानों ने बुधवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार पर किसान विरोधी नीति अपनाने का आरोप लगाया। महिपाल सिंह तोमर ने किसान आंदोलन के दौरान किसानों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे वापस लेने, कृषि आयोग का गठन करने की मांग उठाई।
यूनियन की ओर से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम मनोज कुमार सिंह को सौंपा। ज्ञापन में आंदोलन में किसानों के खिलाफ लिखाए गए मुकदमे वापस लेने, 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त देने, किसानों का कर्ज माफ करने, स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान करने तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों को मासिक पेंशन देने की मांग की।
धरना प्रदर्शन में कपिल तोमर, भूदेव प्रधान, राजेश, चंद्रवीर सिंह, विनीत, जय कुमार, सुधीर चाहल, अशोक राजपूत, सुरेश राणा, मांगेराम, दिलशाद, इंतेसार अली, आरिफ जैदी, रोहित, ईश्वर सिंह, प्रेम सिंह, जोगेंद्र चौहान, सुधीर, सुरेंद्र सहित अनेक किसान शामिल रहे।