बिजनौर। भाकियू (टिकैत) ने अमेरिका-भारत ट्रेड डील को किसान विरोधी करार दिया और 21 जुलाई को जिले में प्रदर्शन करने की घोषणा की है। शनिवार को प्रेसवार्ता में भाकियू टिकैत के जिला अध्यक्ष सुनील प्रधान ने समझौते पर पुनर्विचार करने के साथ ही बिलाई शुगर मिल पर किसानों का लंबित गन्ना भुगतान तत्काल कराने, समस्त गन्ने की खरीद अर्ली वैरायटी के मूल्य के अनुसार करने तथा यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके अलावा उपभोक्ताओं की सहमति के बिना बिजली कनेक्शन का भार बढ़ाने और घरों व ट्यूबवेलों पर जबरन स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने की भी मांग उठाई। साथ ही गंगा एक्सप्रेस-वे एवं शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे को शुक्रताल से जोड़ने के लिए डैबलगढ़ में स्थायी पुल बनाने की मांग उठाई। साथ ही रावली से बालावली तथा जलीजपुर के सामने गंगा किनारे पक्के तटबंध का निर्माण कराने की मांग भी रखी।