किरतपुर। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में 32 करोड़ 86 लाख 70000 रुपये के बजट को सभासदों द्वारा सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया है। उक्त बजट गत वर्ष की भांति एक करोड़ 40 हजार रुपये अधिक है। अन्य प्रस्तावों में जलकल मूल्य बढ़ाने को सभासदों ने अस्वीकृत कर दिया।
बुधवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय में बोर्ड द्वारा आयोजित बैठक में गत वर्ष का लेखाजोखा प्रस्तुत किया गया और वर्ष 2022-2023 पर चर्चा की गई। गत वर्ष की भांति इस वर्ष 1,0040,000 रुपये अधिक का बजट पेश किया गया, जिसे बोर्ड ने सर्वसम्मति से पास कर दिया। जल मूल्य की दरों पर वृद्धि के प्रस्ताव को सभासदों ने अस्वीकृत कर दिया। वर्ष 2022-23 के ठेकों की नीलामी की स्वीकृति, नगर के समस्त नालों की तली झाड़ सफाई की स्वीकृति, शीतल पेय-जल हेतु नगर में स्थापित वाटर कुलर की मरम्मत की स्वीकृति, आउटसोर्सिंग ठेके पर नलकूप चालक, कंप्यूटर ऑपरेटर, लिपिक, वसूली कर्मी, लाइन मैन एवं सफाई कर्मचारियों को रखे जाने की स्वीकृति, नगरीय जल निकासी योजना के अंतर्गत डीपीआर की स्वीकृति, पालिका द्वारा निर्मित दुकानों की नीलामी की स्वीकृति, सड़कों एंव पाइप लाइन के प्राक्कलनों की स्वीकृति, अन्य बिंदुओं की अनुमति चेयरमैन को दे दी गई है। इसके अलावा बार नाइयों वाला चौक को सलमानी चौक की स्वीकृति प्रदान की गई। वहां नगर पालिका द्वारा सलमानी चौक का बोर्ड स्थापित किया जाएगा। चेयरमैन अब्दुल मन्नान ने बताया कि गंदे नालों से पानी की निकासी के लिये एक करोड़ 9 लाख रुपये का स्टीमेट तय्यार करवाकर शासन को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि लगभग पांच बीघा भूमि को खाली करवाया गया है। उस पर जिम बनाने और स्वीमिंग पूल बनाने की चर्चा की गई। बैठक में सरफु रईस खां, सउद खां, मो. फुरकान, नफीस राईन, मो. आबिद, अरशद चौधरी, घसीटा सिंह, रेखा रानी, अकरम शेख, मसरूर शेख एंव नामित सभासद रजनी कालरा, संजय चौहान, मगन सिंह आदि रहे।