बिजनौर में गेहूं की कटाई करते श्रमिक
- फोटो : BIJNOR
बारिश से बढ़ा जिले में गेहूं का उत्पादन
बिजनौर। सर्दियों में हुई बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हुई। जिले में गेहूं की पैदावार बढ़ गई है। औसत पैदावार 50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक निकल रही है। जबकि पहले औसत पैदावार 42 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक निकलती थी। भूसे का उत्पादन भी बढ़ा है।
जिले में डेढ़ लाख हेक्टेयर से अधिक जमीन में गेहूं की फसल होती है। किसान गेहूं क्रय केंद्रों पर बेचते हैं इसके अलावा समय समय पर जरूरत के हिसाब से व्यापारियों को भी गेहूं बेचकर खर्च चलाते हैं। जितना गेहूं मिलता है लगभग उतना ही भूसा भी मिलता है। इस समय भूसे के दाम 800 से 900 रुपये प्रति क्विंटल तक चल रहे हैं।
इस बार दिसंबर से लेकर मार्च तक बारिश होती रही। समय पर सिंचाई मिलने पर गेहूूं की फसल बहुत अच्छी हुई है। जिले में गेहूं की औसत पैदावार 42 क्विंटल प्रति हेक्टेेयर तक रहती है। लेकिन इस बार उत्पादन बढ़ा है। खेतों में न्यूनतम उत्पादन 38 क्विंटल प्रति हेक्टेयर से 52 क्विंटल प्रति बीघा तक निकल रही है।
किसानों को हुआ फायदा
जिला कृषि अधिकारी अवधेश मिश्रा के अनुसार गेहूूं का इस बार अच्छा उत्पादन हुआ है। किसान गेहूूं के उत्पादन को पिछले सालों से अच्छा बता रहे हैं। गेहूं के साथ साथ भूसे का भी उत्पादन बढ़ने से किसानों को फायदा हुआ है।